राकेश कुमार राठौर जिला ब्यूरो चीफ सक्ती

(सक्ती-हसौद) हसौद थाना क्षेत्र के कैथा गांव के धनवारपारा में गुरुवार रात एक महिला की हत्या से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतका की पहचान लक्ष्मीबाई विश्वकर्मा (45 वर्ष) के रूप में हुई है। परिजनों ने गांव के ही रंजीत धनवार पर हत्या का आरोप लगाया है। घटना के बाद से आरोपी फरार बताया जा रहा है। पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

परिजनों के अनुसार, घटना रात करीब 9:30 बजे की है। आरोप है कि रंजीत धनवार महिला के घर पहुंचा, जहां दोनों के बीच विवाद हुआ। उस समय घर में महिला की दो नाबालिग नातिनें मौजूद थीं। विवाद के दौरान दोनों बच्चियां डरकर घर से बाहर चली गईं। परिजनों का आरोप है कि महिला के साथ मारपीट कर उसे घर से करीब 50 मीटर दूर खेत के पास ले जाया गया, जहां धारदार हथियार से हमला किया गया। शरीर के विभिन्न हिस्सों में चोट लगने से महिला की मौत हो गई। हालांकि, घटना की वास्तविक परिस्थितियों की पुष्टि पुलिस जांच के बाद होगी।

फॉरेंसिक टीम ने जुटाए साक्ष्य : घटना के बाद परिजन शव घर ले आए। सुबह सूचना मिलने पर हसौद पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए गए। पंचनामा और पोस्टमार्टम की कार्रवाई के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।

एसपी ने दिए त्वरित कार्रवाई के निर्देश : सक्ती पुलिस अधीक्षक प्रफुल्ल ठाकुर ने कैथा पहुंचकर घटनास्थल का जायजा लिया और पुलिस को त्वरित जांच कर आरोपी की जल्द गिरफ्तारी के निर्देश दिए। फिलहाल हत्या के पीछे की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है। पुलिस विवाद के कारणों और आरोपी की भूमिका की जांच कर रही है।