चंद्र कुमार निणे॔जक जिला ब्यूरो चीफ बिलासपुर

(बिलासपुर) मस्तूरी। थाना मस्तूरी अंतर्गत चौकी मल्हार क्षेत्र के मनाडेरा रोड पर बहने वाली लीलागर नदी में 20 अगस्त 2026 को मोटरसाइकिल सहित गिरे दो युवकों की जान बचाकर मोहन केवट और उनके साथियों ने साहस, तत्परता और मानवता की मिसाल पेश की। नदी में तेज बहाव के बीच युवकों के डूबने की सूचना मिलते ही मोहन केवट, महेश केवट एवं आदित्य केवट (करण) ने बिना अपनी जान की परवाह किए तत्काल बचाव कार्य शुरू किया और दोनों युवकों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार मनाडेरा निवासी मोहन लाल केवट, पिता पचूराम राम, उम्र 24 वर्ष, अपने साथी महेश केवट, पिता रामप्रसाद केवट, निवासी मनाडेरा, थाना मुलमुला, जिला जांजगीर-चांपा तथा आदित्य केवट (करण), निवासी मल्हार के साथ मौके पर पहुंचे थे। नदी में मोटरसाइकिल सहित गिरे युवकों को देखकर उन्होंने सूझबूझ और साहस का परिचय देते हुए लकड़ी की सहायता से उन्हें नदी से बाहर निकाला। हादसे में बचे युवकों ने अपने नाम गुड़ा टंडन, पिता मोतिया टंडन तथा दुर्गेश टंडन, पिता मोतिया टंडन, निवासी चकरबेड़ा, चौकी मल्हार बताया।

जान की परवाह किए बिना संकट में कूद पड़े

घटना के दौरान नदी का बहाव तेज था और परिस्थितियां बेहद जोखिमपूर्ण थीं। इसके बावजूद मोहन लाल केवट एवं उनके साथियों ने किसी प्रकार के स्वार्थ की परवाह किए बिना अपनी जान जोखिम में डालकर दोनों युवकों को बचाने का प्रयास किया। उनके इस साहसिक प्रयास से दोनों युवकों की जान बच गई। घटना के बाद क्षेत्र में मोहन केवट और उनके साथियों की तत्परता, साहस एवं मानवता की सराहना की जा रही है।

एसएसपी ने प्रशस्ति पत्र देकर किया सम्मानित

इस सराहनीय कार्य के लिए एसएसपी रजनेश सिंह द्वारा मोहन लाल केवट, महेश केवट एवं आदित्य केवट (करण) को प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर उनके साहस, तत्परता एवं मानवीय कार्य की विशेष रूप से सराहना की गई।

पुलिस विभाग ने कहा कि संकट की घड़ी में बिना किसी स्वार्थ के दूसरों की जान बचाने के लिए आगे आना समाज में मानवता और सामाजिक जिम्मेदारी की भावना को मजबूत करता है। मोहन केवट एवं उनके साथियों का यह कार्य निश्चित रूप से अनुकरणीय एवं प्रेरणादायी है। साथ ही, ऐसे साहसी नागरिकों को एसडीआरएफ टीम के माध्यम से प्रशिक्षण देकर ‘जल मित्र’ के रूप में तैयार करने तथा आवश्यक संसाधन उपलब्ध कराने की दिशा में भी पहल की जाएगी, ताकि भविष्य में समय रहते लोगों की जान बचाई जा सके।