अमर भारद्वाज सह-स्टेट हेड छत्तीसगढ़ डीएम इंडिया न्यूज़

(कोरबा) मानिकपुर चौकी क्षेत्र के सुभाष ब्लॉक एसईसीएल कॉलोनी में युवक अंकित सोनवानी की संदिग्ध मौत के मामले में पुलिस ने करीब 26 दिन बाद खुलासा करते हुए उसकी पत्नी प्रिया सोनवानी को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार विवाद के दौरान पैर में चाकू लगने से हुए गंभीर घाव और अत्यधिक रक्तस्राव के कारण अंकित की मौत हुई। आरोपी पत्नी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।


घटना 15 जुलाई की बताई जा रही है। अंकित गंभीर हालत में मिला था। उसके पैर में चाकू लगने से गहरा घाव हो गया था और काफी रक्तस्राव हो रहा था। परिजन उसे तत्काल एसईसीएल अस्पताल लेकर पहुंचे। प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे निजी अस्पताल रेफर किया गया, लेकिन वहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।


मृतक के परिजनों ने उसकी पत्नी प्रिया पर हत्या की आशंका जताते हुए पुलिस से शिकायत की थी। पुलिस जांच में सामने आया कि अंकित और प्रिया ने करीब एक वर्ष पहले प्रेम विवाह किया था। दोनों के बीच शराब पीने को लेकर अक्सर विवाद होने की बात भी सामने आई।


पुलिस के मुताबिक घटना वाले दिन भी दोनों के बीच विवाद हुआ। इसी दौरान प्रिया द्वारा कथित रूप से अंकित के पैर में चाकू मारने की बात सामने आई। जांच में यह भी पता चला कि अंकित को ऐसी बीमारी थी, जिसमें रक्त का थक्का बनने में सामान्य से अधिक समय लगता था। पुलिस के अनुसार पत्नी को इसकी जानकारी थी। चोट के बाद अत्यधिक रक्तस्राव होने से अंकित की हालत बिगड़ी और उसकी मौत हो गई।


परिजनों की शिकायत और जांच के आधार पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार किया।