भोलाशंकर रिपोर्टर कुसमुंडा कोरबा

(कोरबा) हिन्द मजदूर सभा (HMS) से संबद्ध कोयला मजदूर पंचायत की केंद्रीय कार्यकारिणी का पुनर्गठन करते हुए आगामी कार्यकाल के लिए नई टीम की घोषणा की गई है। सर्वसम्मति से रेशम लाल यादव (पूर्व कर्मचारी, गेवरा क्षेत्र) को केंद्रीय अध्यक्ष तथा विनय सिंह (विद्युत पर्यवेक्षक, सोहागपुर क्षेत्र) को पुनः केंद्रीय महामंत्री चुना गया। वहीं रामेश्वर दुबे (चिरमिरी) और हरी यादव (बैकुंठपुर) को कार्यवाहक अध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी गई है।

केंद्रीय महामंत्री विनय सिंह ने बताया कि नवगठित कार्यकारिणी की सूचना एसईसीएल के चेयरमैन-सह-प्रबंध निदेशक (CMD) को भेज दी गई है। उन्होंने कहा कि औद्योगिक विवाद अधिनियम, 1947 तथा अन्य लागू कानूनी प्रावधानों के तहत कार्यकारिणी के सभी निर्वाचित पदाधिकारी एवं सदस्य संरक्षित कर्मचारी (Protected Workmen) की श्रेणी में मान्य होंगे।

नई कार्यकारिणी में तेज बहादुर सिंह, शिवनारायण मिश्रा, अनिद्ध सिंह क्षत्री और डॉ. एन.एल. पटेल को केंद्रीय उपाध्यक्ष, अख्तर जावेद उस्मानी एवं एस.सी. मंसूरी को केंद्रीय उप-महामंत्री तथा उमेश कुमार को केंद्रीय कोषाध्यक्ष बनाया गया है। इसके अलावा गेवरा, कुसमुंडा, दीपका, सोहागपुर, चिरमिरी, हसदेव, जोहिला, बैकुंठपुर, जमुना-कोतमा और रायगढ़ सहित एसईसीएल के विभिन्न क्षेत्रों के प्रतिनिधियों को संगठन में शामिल किया गया है।

नव-निर्वाचित अध्यक्ष रेशम लाल यादव और महामंत्री विनय सिंह ने कहा कि नई टीम कोयला श्रमिकों के कल्याण, सुरक्षा, उचित वेतन, सेवा-सुविधाओं और कानूनी अधिकारों की रक्षा के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य करेगी। साथ ही श्रमिकों और प्रबंधन के बीच बेहतर औद्योगिक संबंध स्थापित करने तथा श्रमिक हितों से जुड़े मुद्दों को प्रभावी ढंग से उठाने का संकल्प भी दोहराया।