सीएचसी गौरेला के लिए सड़क निर्माण एवं एंबुलेंस उपलब्ध कराने का रखा गया प्रस्ताव

कृष्णा पाण्डेय जिला ब्यूरो चीफ जीपीएम 

(गौरेला-पेंड्रा-मरवाही) सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र गौरेला में जीवनदीप समिति की कार्यकारिणी एवं सामान्य सभा की बैठक बुधवार को आयोजित की गई। बैठक में स्वास्थ्य संस्थान को सुदृढ़ बनाने, मरीजों को बेहतर एवं गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने तथा आवश्यक संसाधनों की उपलब्धता पर विस्तार से चर्चा की गई। बैठक में कोटा विधायक श्री अटल श्रीवास्तव मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। इस अवसर पर जनपद पंचायत गौरेला के अध्यक्ष श्री शिवनाथ बघेल, नगर पालिका परिषद गौरेला के अध्यक्ष श्री मुकेश दुबे, अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व), जीवनदीप समिति के सदस्य तथा स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित थे। 

    बैठक के दौरान सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र गौरेला के खंड चिकित्सा अधिकारी डॉ. एस.के. अर्गल ने अस्पताल तक पहुंचने वाली जर्जर सड़क के नवीनीकरण एवं सीसी रोड निर्माण के लिए विधायक निधि से स्वीकृति प्रदान करने का प्रस्ताव रखा। साथ ही आपातकालीन स्वास्थ्य सेवाओं को और अधिक प्रभावी बनाने के लिए विधायक निधि से एक एंबुलेंस उपलब्ध कराने का भी आग्रह किया। मुख्य अतिथि विधायक अटल श्रीवास्तव ने स्वास्थ्य संस्था की आवश्यकताओं एवं मरीजों की सुविधा से जुड़े प्रस्तावों पर सकारात्मक पहल एवं आवश्यक सहयोग का आश्वासन दिया। बैठक में जनप्रतिनिधियों एवं स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों ने बेहतर समन्वय के साथ आमजन को गुणवत्तापूर्ण, सुलभ एवं प्रभावी स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए सामूहिक प्रयास करने का संकल्प व्यक्त किया।