गीता कोरबा ब्लॉक रिपोर्टर डीएम इंडिया न्यूज़ 

(कोरबा) छत्तीसगढ़ की पूजनीय लोक संत भक्त माता कर्मा की जयंती के पावन अवसर पर कोरबा के घंटाघर में साहू समाज द्वारा भव्य शोभा यात्रा का आयोजन किया गया। इस शोभा यात्रा का शुभारंभ पूर्व मंत्री जयसिंह अग्रवाल द्वारा विधिवत रूप से किया गया।

इस अवसर पर जयसिंह अग्रवाल ने ध्वजा लेकर शोभा यात्रा में सहभागिता की तथा प्रतिभागियों के साथ कुछ दूरी तक पैदल चलकर आयोजन की शोभा बढ़ाई। कार्यक्रम में समाज के सैकड़ों लोग उत्साहपूर्वक उपस्थित रहे और भक्त माता कर्मा के जयघोष से पूरा वातावरण भक्तिमय हो गया।

इस मौके पर पूर्व मंत्री जयसिंह अग्रवाल ने कोरबावासियों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए   कहा कि भक्त माता कर्मा समाज में सामाजिक समरसता, प्रेम और सौहार्द्र की प्रतीक हैं। उनका जीवन हमें आपसी भाईचारे, सेवा और मानवता के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देता है। उन्होंने कहा कि आज के समय में समाज को उनके बताए आदर्शों को अपनाने की आवश्यकता है, जिससे समाज में एकता और सद्भाव को और मजबूती मिले।

जयसिंह अग्रवाल ने आगे कहा कि माता कर्मा केवल साहु समाज की ही नहीं, वरन संपूर्ण मानवता के लिए भक्ति, त्‍याग और समर्पण की प्रतिमूर्ति है । माता कर्मा का जीवन हमें सिखाता है कि सच्‍ची श्रद्धा और अटूट विश्‍वास से ईश्‍वर को भी वश में किया जा सकता है । उनकी भक्ति की शक्ति ही थी कि स्‍वयं भगवान जगन्‍नाथ को उनके हाथों की खिचड़ी खानी पड़ी । उन्होंने सभी से आह्वान किया कि भक्त माता कर्मा के जीवन से प्रेरणा लेकर समाज में सद्भाव, सहयोग और सेवा की भावना को आगे बढ़ाएं। कार्यक्रम के दौरान समाज के अध्यक्ष बालाराम साहू, गिरधारी साहू, कांग्रेस कोरबा जिला शहर अध्यक्ष मुकेश कुमार राठौर, निगम के नेता प्रतिपक्ष कृपाराम साहू, साहू समाज के तहसील अध्यक्ष पालूराम साहू सहित समाज के अनेक पदाधिकारी, गणमान्य नागरिक, तथा बड़ी संख्या में महिला-पुरुष और युवा उपस्थित रहे।


माता कर्मा जयंती को विशेष यादगार बनाने के लिए समाज के उत्साही युवाओं द्वारा रक्तदान शिविर का भी आयोजन किया गया है जिसमें स्वेच्छा से बड़ी संख्या में लोग शामिल होकर रक्तदान कर रहे हैं। जयसिंह अग्रवाल ने इस आयोजन के लिए भी अपनी शुभकामनाएं व्यक्त किया और कहा कि जरूरतमंदों को जीवनदान देने के लिए यह शिविर स्वतः समाज सेवा का अनुपम उदाहरण है।