सदानंद कुमार प्रउहा सह-संपादक डीएम इंडिया न्यूज़

(रायपुर) डॉ. राधाबाई कन्या महाविद्यालय में यातायात जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में महाविद्यालय की लगभग 300 छात्राएँ उपस्थित रहीं। इस दौरान एसीपी ट्रैफिक सीमा आहिरवार ने छात्राओं को यातायात नियमों के पालन के साथ सिविक सेंस, जिम्मेदार नागरिक व्यवहार और सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक किया।

सीमा आहिरवार ने कहा कि केवल कानून और नियम बना देने से कोई देश विकसित नहीं बनता, बल्कि नागरिकों में नियमों के प्रति स्वअनुशासन और जिम्मेदारी की भावना विकसित होना जरूरी है। विकसित देशों में लोग यातायात नियमों का पालन केवल पुलिस के डर से नहीं, बल्कि अपनी और दूसरों की सुरक्षा के प्रति जिम्मेदारी समझकर करते हैं।

उन्होंने कहा कि विकासशील से विकसित राष्ट्र बनने की यात्रा केवल सड़कों, वाहनों और तकनीक के विकास से पूरी नहीं होगी। इसके लिए नागरिकों की सोच और व्यवहार में सकारात्मक बदलाव भी आवश्यक है। सड़क पर लेन का पालन करना, पैदल यात्रियों को रास्ता देना, हेलमेट और सीट बेल्ट का उपयोग करना, अनावश्यक हॉर्न से बचना तथा नियमों का स्वेच्छा से पालन करना अच्छे सिविक सेंस के उदाहरण हैं।

कार्यक्रम में मैत्री, आपसी सहयोग और सड़क सुरक्षा के प्रति सामूहिक जिम्मेदारी का संदेश दिया गया। आयोजन में लायंस क्लब की महत्वपूर्ण भूमिका रही। सहयोग से छात्राओं तक यातायात सुरक्षा और जिम्मेदार नागरिक व्यवहार का संदेश पहुंचाया गया। बताया गया कि यातायात सुरक्षा केवल पुलिस की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक की सामूहिक जिम्मेदारी है। नियमों को मजबूरी नहीं, जिम्मेदारी मानकर अपनाने से सुरक्षित सड़कें और अनुशासित समाज का निर्माण संभव है।