आधुनिक न्यायिक अधोसंरचना से वनांचल क्षेत्र के नागरिकों को मिलेगा त्वरित, सुगम एवं पारदर्शी न्याय

कृष्णा पाण्डेय जिला ब्यूरो चीफ जीपीएम

(गौरेला-पेंड्रा-मरवाही)छत्तीसगढ़ उच्च न्यायालय के मुख्य न्यायाधीश रमेश सिन्हा ने आज वर्चुअल माध्यम से नव निर्मित अतिरिक्त न्यायालय भवन, पेण्ड्रारोड का लोकार्पण किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि राज्य में न्यायिक अधोसंरचना को सुदृढ़ एवं आधुनिक बनाने की दिशा में निरंतर कार्य किए जा रहे हैं। पेण्ड्रारोड में नवीन न्यायालय भवन के निर्माण से न्यायिक व्यवस्था और अधिक प्रभावी होगी तथा आम नागरिकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध होंगी।

मुख्य न्यायाधीश सिन्हा ने कहा कि अत्याधुनिक सुविधाओं एवं आधुनिक तकनीक से सुसज्जित यह न्यायालय भवन विशेष रूप से वनांचल एवं दूरस्थ क्षेत्रों के नागरिकों को त्वरित, पारदर्शी, सहज एवं सुगम न्याय उपलब्ध कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। उन्होंने कहा कि न्यायिक अधोसंरचना के विकास का कार्य भविष्य में भी निरंतर जारी रहेगा, जिससे न्याय तक आमजन की पहुँच और अधिक सुलभ हो सके।

उन्होंने बताया कि हाल ही में उन्होंने बिलासपुर जिले के बिल्हा में निर्मित नवीन न्यायालय भवन का भौतिक रूप से उपस्थित होकर लोकार्पण कर अवलोकन किया है तथा शीघ्र ही पेण्ड्रारोड स्थित नव निर्मित अतिरिक्त न्यायालय भवन का भी भ्रमण करेंगे। उन्होंने इस उपलब्धि पर सभी न्यायिक अधिकारियों, जिला प्रशासन, जनप्रतिनिधियों, अधिवक्ता संघ एवं क्षेत्रवासियों को बधाई एवं शुभकामनाएँ दीं।

पेण्ड्रारोड में आयोजित लोकार्पण समारोह में प्रशासनिक अधिकारी, न्यायिक अधिकारी, जनप्रतिनिधि, मीडिया प्रतिनिधि, जिला अधिवक्ता संघ के पदाधिकारी एवं सदस्य तथा बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। समारोह के दौरान अतिथियों ने नव निर्मित अतिरिक्त न्यायालय भवन का अवलोकन करते हुए इसकी आधुनिक संरचना एवं सुविधाओं की सराहना की।