महादेवघाट विसर्जन कुंड के पास ग्राहक की तलाश कर रहा था आरोपी, जब्त टेबलेट की कीमत 8.40 लाख रुपये; तस्करी नेटवर्क की जांच जारी

सदानंद कुमार प्रउहा सह-संपादक डीएम इंडिया न्यूज़

(रायपुर) रायपुर कमिश्नरेट पुलिस ने प्रतिबंधित नशीली टेबलेट की अवैध बिक्री के खिलाफ कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उसके कब्जे से नाइट्राजेपम (नाइट्रोसन-10) की 2,100 टेबलेट जब्त की हैं, जिनकी कीमत करीब 8 लाख 40 हजार रुपये बताई गई है। आरोपी के ओडिशा से टेबलेट लाकर रायपुर में खपाने की फिराक में होने की बात सामने आई है।


पुलिस के अनुसार, 22 अक्टूबर 2026 को एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट को सूचना मिली थी कि डी.डी. नगर थाना क्षेत्र के महादेवघाट स्थित विसर्जन कुंड के पास एक व्यक्ति नशीली टेबलेट बेचने के लिए ग्राहक तलाश रहा है। पुलिस उपायुक्त स्मृतिक राजनाला और पुलिस उपायुक्त पश्चिम जोन रॉबिन्सन गुरिया के निर्देशन में एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट, एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स और डी.डी. नगर पुलिस की संयुक्त टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की।


कार्रवाई के दौरान मोहम्मद असजद (30 वर्ष), निवासी शांति विहार कॉलोनी, डंगनिया, रायपुर को पकड़ा गया। उसके थैले की तलाशी में 2,100 प्रतिबंधित नशीली टेबलेट मिलीं। टेबलेट रखने और बिक्री से संबंधित वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं करने पर पुलिस ने उन्हें जब्त कर लिया।


आरोपी के विरुद्ध डी.डी. नगर थाने में अपराध क्रमांक 670/26 के तहत नारकोटिक ड्रग्स एंड साइकोट्रोपिक सब्सटेंस (एनडीपीएस) अधिनियम की धारा 22(सी) में मामला दर्ज किया गया है।


पुलिस अब टेबलेट की आपूर्ति के स्रोत, परिवहन और बिक्री नेटवर्क की जांच कर रही है। मामले में अन्य संलिप्त लोगों की पहचान के लिए भी पूछताछ की जा रही है।