पटवारियों के आंदोलन का सम्मानजनक समाधान, दंडात्मक कार्रवाई निरस्त करने और 3 प्रतिशत महंगाई भत्ता एरियर्स सहित देने की मांग

चंद्र कुमार निणे॔जक जिला ब्यूरो चीफ बिलासपुर

(बिलासपुर) छत्तीसगढ़ कर्मचारी अधिकारी फेडरेशन ने प्रदेश के शासकीय कर्मचारियों की लंबित मांगों को लेकर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नाम ज्ञापन सौंपकर पटवारी संघ के आंदोलन का सम्मानजनक समाधान निकालने, आंदोलन के दौरान की गई दंडात्मक कार्रवाई निरस्त करने तथा प्रदेश के कर्मचारियों एवं पेंशनरों को लंबित 3 प्रतिशत महंगाई भत्ता एरियर्स सहित प्रदान करने की मांग की है।

ज्ञापन में कहा गया है कि छत्तीसगढ़ राजस्व पटवारी संघ अपनी जायज एवं न्यायोचित मांगों को लेकर आंदोलनरत है। पटवारी राजस्व प्रशासन की महत्वपूर्ण कड़ी हैं तथा शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं और राजस्व संबंधी कार्यों के क्रियान्वयन में उनकी अहम भूमिका है।

फेडरेशन ने आरोप लगाया कि मांगों का संवाद के माध्यम से समाधान करने के बजाय पटवारियों के खिलाफ एससीआई की कार्रवाई सहित विभिन्न दंडात्मक कदम उठाए जा रहे हैं, जिससे कर्मचारियों में असंतोष और आक्रोश बढ़ रहा है। फेडरेशन ने आंदोलन के दौरान की गई सभी दंडात्मक कार्रवाइयों को तत्काल निरस्त कर पटवारी संघ की मांगों पर सकारात्मक पहल करने का आग्रह किया है।