कृष्णा पाण्डेय जिला ब्यूरो चीफ जीपीएम

(गौरेला-पेंड्रा-मरवाही) जनपद पंचायत हॉल, पेंड्रा में संभाग स्तरीय शालेय ताइक्वांडो प्रतियोगिता का सफल आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में बिलासपुर संभाग के छह जिलों के कुल 95 खिलाड़ियों ने भाग लेकर अपनी प्रतिभा, अनुशासन और खेल कौशल का शानदार प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता का उद्देश्य शालेय स्तर पर ताइक्वांडो खेल को बढ़ावा देना तथा राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के लिए प्रतिभावान खिलाड़ियों का चयन करना रहा।

प्रतियोगिता में मेजबान गौरेला-पेंड्रा-मरवाही (जीपीएम) के अलावा बिलासपुर, कोरबा, रायगढ़, सारंगढ़-बिलाईगढ़ और मुंगेली जिले के छात्र-छात्राओं ने विभिन्न आयु एवं भार वर्गों में प्रतिस्पर्धा की। खिलाड़ियों के बीच हुए मुकाबले रोमांचक रहे और सभी प्रतिभागियों ने खेल भावना, अनुशासन तथा उत्कृष्ट प्रदर्शन का परिचय दिया।

कार्यक्रम में जिला शिक्षा अधिकारी रजनीश तिवारी मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। उनके साथ सहायक क्रीड़ा अधिकारी सीमा डेविड, नोडल अधिकारी (साक्षरता) आलोक शुक्ला, व्यायाम अनुदेशक रामपूरी गोस्वामी सहित विभिन्न जिलों से आए व्यायाम शिक्षक, प्रशिक्षक एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं मौजूद रहे। अतिथियों ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए उन्हें खेलों में निरंतर मेहनत करने और राज्य तथा राष्ट्रीय स्तर पर जिले एवं संभाग का नाम रोशन करने के लिए प्रेरित किया।

प्रतियोगिता के समापन अवसर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विजेता खिलाड़ियों को पदक एवं प्रमाण-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। आयोजन के सफल संचालन में शिक्षा विभाग, खेल अधिकारियों, प्रशिक्षकों एवं आयोजन समिति की महत्वपूर्ण भूमिका रही। प्रतिभागियों और अभिभावकों ने प्रतियोगिता के सफल आयोजन की सराहना करते हुए इसे युवा खिलाड़ियों के लिए प्रेरणादायी बताया। इस प्रतियोगिता के माध्यम से चयनित खिलाड़ी अब आगामी राज्य स्तरीय शालेय ताइक्वांडो प्रतियोगिता में संभाग का प्रतिनिधित्व करेंगे।