(जांजगीर-चांपा) जिले के ग्राम कटघरी में आयोजित छत्तीसगढ़ी लोक पंडवानी कार्यक्रम में ग्राम बहतरा, जिला बिलासपुर की पंडवानी गायिका सुश्री नंदनी पटेल ने महाभारत की कथा पर आधारित पंडवानी की प्रभावी प्रस्तुति दी। उनकी प्रस्तुति ने दर्शकों को छत्तीसगढ़ की समृद्ध लोक संस्कृति और पंडवानी परंपरा से जोड़ा।


कार्यक्रम के दौरान नंदनी पटेल ने बताया कि उन्हें बचपन से ही छत्तीसगढ़ की लोक परंपरा और संस्कृति को आगे बढ़ाने की जिज्ञासा रही है। पढ़ाई के दौरान वे आकाशवाणी और दूरदर्शन पर प्रसिद्ध पंडवानी गायिका डॉ. तीजन बाई की प्रस्तुतियां सुना करती थीं। उनकी कला से प्रभावित होकर नंदनी पटेल ने डॉ. तीजन बाई को अपना गुरु मानते हुए पंडवानी गायन की साधना शुरू की।


उन्होंने बताया कि आज वे लगातार छत्तीसगढ़ी पंडवानी की प्रस्तुति देकर अपनी लोक संस्कृति को आगे बढ़ाने का प्रयास कर रही हैं। अब तक वे राज्य उत्सव, राज्य स्तरीय कृषि मेला तथा आकाशवाणी सहित विभिन्न बड़े मंचों पर अपनी प्रस्तुति दे चुकी हैं।


नंदनी पटेल का कहना है कि पंडवानी केवल मनोरंजन का माध्यम नहीं, बल्कि छत्तीसगढ़ की लोक संस्कृति, परंपरा और महाभारत की कथा को पीढ़ी-दर-पीढ़ी पहुंचाने की महत्वपूर्ण विधा है। उन्होंने युवा पीढ़ी से भी अपनी लोक कलाओं और सांस्कृतिक परंपराओं से जुड़ने का आह्वान किया।