भोलाशंकर रिपोर्टर कुसमुंडा कोरबा

(कोरबा)दिनांक 12.09.2026 को SECL गेवरा परियोजना के एक्स-वर्कशॉप गेट के समीप सदस्यता सत्यापन के दौरान शराब एवं अन्य नशीले पदार्थों के वितरण से संबंधित प्रकाशित समाचारों में CISF की सुरक्षा व्यवस्था के संबंध में लगाए गए आरोपों के संदर्भ में CISF द्वारा स्थिति स्पष्ट की जाती है, कि गेवरा/दीपका परियोजना के सभी निर्धारित प्रवेश एवं निकास द्वारों तथा CISF बैरियर पर तैनात बल सदस्यों द्वारा निर्धारित SOP एवं सुरक्षा मानकों के अनुरूप नियमित एवं सघन जांच-पड़ताल की जाती है। प्रवेश करने वाले व्यक्तियों, वाहनों एवं सामान की नियमानुसार तलाशी एवं जांच CISF की सुरक्षा व्यवस्था का अभिन्न हिस्सा है।


यह भी महत्वपूर्ण है कि गेवरा/दीपका एक विशाल ओपन-कास्ट खदान क्षेत्र है, जिसका भू-भाग विस्तृत एवं कई स्थानों पर खुला हुआ है। मुख्य प्रवेश द्वारों एवं CISF बैरियर के अतिरिक्त खदान क्षेत्र की भौगोलिक एवं परिचालन परिस्थितियों के कारण अन्य खुले अथवा गैर-निर्धारित मार्गों से प्रतिबंधित सामग्री के प्रवेश की संभावना को पूर्णतः नकारा नहीं जा सकता। ऐसी परिस्थितियों में खदान क्षेत्र में प्रतिबंधित अथवा नशीले पदार्थों की बरामदगी मात्र के आधार पर CISF के निर्धारित बैरियर पर तैनात बल सदस्यों की लापरवाही, चूक अथवा मिलीभगत का निष्कर्ष निकालना तथ्यों एवं साक्ष्यों के बिना उचित नहीं होगा।


CISF द्वारा यह स्पष्ट किया जाता है कि सुरक्षा जांच के दौरान किसी भी प्रकार की लापरवाही अथवा SOP के उल्लंघन को स्वीकार नहीं किया जाता है। यदि किसी घटना में सुरक्षा व्यवस्था में किसी प्रकार की चूक सामने आती है, तो उपलब्ध तथ्यों, साक्ष्यों एवं जांच के निष्कर्षों के आधार पर संबंधित स्तर पर आवश्यक कार्रवाई की जाती है।

किसी भी घटना की वास्तविक जिम्मेदारी का निर्धारण निष्पक्ष जांच एवं उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर सक्षम प्राधिकारी द्वारा किया जाना ही उचित प्रक्रिया है।


CISF गेवरा/दीपका परियोजना की सुरक्षा के प्रति पूर्णतः सतर्क, प्रतिबद्ध एवं जिम्मेदार है। खदान क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने के लिए CISF द्वारा SECL प्रबंधन के साथ निरंतर समन्वय स्थापित कर आवश्यक सुरक्षा उपायों की समीक्षा एवं प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जा रहा है।


CISF सुरक्षा व्यवस्था के प्रति पूरी तरह सजग है तथा परियोजना की सुरक्षा, संपत्ति की सुरक्षा और अधिकृत व्यक्तियों की सुरक्षित आवाजाही सुनिश्चित करने के लिए निर्धारित SOP के अनुसार निरंतर कार्यरत है।