अमर भारद्वाज सह-स्टेट हेड छत्तीसगढ़ डीएम इंडिया न्यूज़

(कोरबा)ग्रामीण क्षेत्रों में भाई-बहन के प्रेम, विश्वास और स्नेह का प्रतीक रक्षाबंधन पर्व पूरे उत्साह और उमंग के साथ मनाया गया। सुबह से ही गांवों में पर्व को लेकर खासा उत्साह देखने को मिला। बहनों ने पारंपरिक विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर भाइयों की आरती उतारी और उनकी कलाई पर राखी बांधकर सुख-समृद्धि एवं लंबी उम्र की कामना की। भाइयों ने भी बहनों को उपहार भेंट कर उनकी रक्षा और हर परिस्थिति में साथ देने का संकल्प लिया।

रक्षाबंधन को लेकर ग्रामीण बाजारों में भी चहल-पहल रही। राखियों, मिठाइयों और पूजा सामग्री की दुकानों पर लोगों की भीड़ दिखाई दी। बच्चों और युवाओं में पर्व को लेकर विशेष उत्साह रहा। कई परिवारों में दूर रहने वाले भाई-बहन भी एक-दूसरे के घर पहुंचे और साथ मिलकर त्योहार मनाया।

ग्रामीण अंचलों में रक्षाबंधन की पारंपरिक छटा भी देखने को मिली। बहनों ने अपने हाथों से तैयार की गई राखियां भाइयों की कलाई पर बांधीं। इसके बाद मिठाई खिलाकर एक-दूसरे को शुभकामनाएं दी गईं। कई स्थानों पर परिवार के बुजुर्गों का आशीर्वाद भी लिया गया।

इस अवसर पर गांवों में आपसी भाईचारे और पारिवारिक सौहार्द का वातावरण बना रहा। लोगों ने कहा कि रक्षाबंधन केवल राखी बांधने का पर्व नहीं, बल्कि रिश्तों में विश्वास, जिम्मेदारी और अपनत्व को मजबूत करने का अवसर भी है। पर्व ने ग्रामीण क्षेत्रों में परिवारों को एकजुट करने के साथ भाई-बहन के पवित्र रिश्ते की मिठास को और गहरा किया।