मुख्यमंत्री विष्णु देव साय बोले – "यादव समाज ने छत्तीसगढ़ की लोककला, संस्कृति एवं परंपराओं को जीवंत बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है"

सदानंद कुमार प्रउहा सह-संपादक डीएम इंडिया

(रायपुर)छत्तीसगढ़ झेरिया यादव समाज के तत्वावधान में ग्राम बरौदा (रायपुर) में आयोजित प्रदेश स्तरीय आमसभा, यादव महासम्मेलन एवं नवनिर्मित सामाजिक भवन के लोकार्पण समारोह का भव्य एवं ऐतिहासिक आयोजन संपन्न हुआ। इस अवसर पर प्रदेशभर से हजारों की संख्या में समाज के पदाधिकारी, मातृशक्ति, युवा, वरिष्ठजन एवं समाजबंधु उपस्थित रहे।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय थे। विशिष्ट अतिथियों के रूप में कैबिनेट मंत्री टंकराम वर्मा, क्षेत्रीय विधायक अनुज शर्मा, चंद्रपुर विधायक रामकुमार यादव, जिला पंचायत अध्यक्ष नवीन अग्रवाल सहित अनेक जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

कार्यक्रम का शुभारंभ भगवान श्रीकृष्ण की प्रतिमा पर माल्यार्पण, पूजा-अर्चना एवं दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। तत्पश्चात समाज के वरिष्ठ पदाधिकारियों ने सभी अतिथियों का यादव समाज के परंपरा मक्खन निकालने वाला खैलर से एवं यादव समाज के पारंपरिक बस वाद्य यंत्र भेंट किया गया एवं पुष्पमालाओं, शॉल स्मृति-चिह्न भेंट कर आत्मीय स्वागत एवं अभिनंदन किया।

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने नवनिर्मित सामाजिक भवन के शिलापट्ट का अनावरण कर उसका विधिवत लोकार्पण किया। अपने उद्बोधन में उन्होंने कहा कि यादव समाज का इतिहास अत्यंत गौरवशाली रहा है। भगवान श्रीकृष्ण के आदर्शों पर चलने वाला यह समाज सदैव सेवा, सामाजिक समरसता एवं सांस्कृतिक संरक्षण का कार्य करता आया है। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ अपनी समृद्ध लोकसंस्कृति के लिए पूरे देश में प्रसिद्ध है और जब भी प्रदेश की संस्कृति की चर्चा होती है, तब यादव समाज के राउत नाचा एवं लोक परंपराओं का उल्लेख किए बिना वह चर्चा अधूरी रहती है। उन्होंने समाज द्वारा अपनी सांस्कृतिक विरासत एवं लोककलाओं को जीवंत बनाए रखने के प्रयासों की सराहना की।

मुख्यमंत्री ने युवाओं को संबोधित करते हुए शिक्षा को समाज की सबसे बड़ी शक्ति बताया। उन्होंने कहा कि किसी भी संगठन की वास्तविक ताकत शिक्षित, जागरूक एवं संस्कारित युवा होते हैं। उन्होंने युवाओं से आधुनिक शिक्षा प्राप्त कर समाज एवं प्रदेश के विकास में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।

कैबिनेट मंत्री टंकराम वर्मा ने अपने उद्बोधन में समाज में व्याप्त सामाजिक बुराइयों पर चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि समाज की वास्तविक उन्नति तभी संभव है, जब प्रत्येक व्यक्ति नशामुक्त जीवन अपनाने का संकल्प ले। उन्होंने विशेष रूप से अपील की कि शादी-विवाह, छठी-बरही एवं अन्य सामाजिक आयोजनों में नशे का पूर्णतः त्याग किया जाए। ऐसे आयोजन सामाजिक सौहार्द, संस्कार एवं पारिवारिक मूल्यों के प्रतीक होने चाहिए, न कि नशे के माध्यम।

क्षेत्रीय विधायक अनुज शर्मा ने कहा कि शिक्षा एवं युवाओं का विकास किसी भी समाज की प्रगति का आधार है। उन्होंने युवाओं से शिक्षा, राजनीति, प्रशासन, व्यवसाय, खेल एवं अन्य क्षेत्रों में आगे बढ़कर समाज एवं प्रदेश का नाम रोशन करने का आह्वान किया। साथ ही समाज के वरिष्ठजनों से युवाओं का मार्गदर्शन करने तथा शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुँचाने की अपील की।

चंद्रपुर विधायक रामकुमार यादव ने कहा कि लोकतंत्र में सभी समाजों को उनकी जनसंख्या के अनुरूप सम्मान एवं अवसर मिलना चाहिए। उन्होंने कहा कि "जिसकी जितनी संख्या, उसकी उतनी भागीदारी और उतनी ही हिस्सेदारी" लोकतांत्रिक व्यवस्था का मूल सिद्धांत होना चाहिए। उन्होंने शासन-प्रशासन, निगम-मंडलों, आयोगों एवं अन्य महत्वपूर्ण संस्थाओं में समाज की जनसंख्या के अनुरूप प्रतिनिधित्व सुनिश्चित करने की अपेक्षा व्यक्त की।

इस अवसर पर समाज के मेधावी छात्र-छात्राओं, विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले युवाओं, समाज सेवा में उल्लेखनीय योगदान देने वाले वरिष्ठ नागरिकों तथा विभिन्न जिलों के जिला अध्यक्षों एवं पदाधिकारियों को स्मृति-चिह्न एवं सम्मान-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।

रावत जाति को केंद्रीय ओबीसी सूची में शामिल करने एवं जनसंख्या के अनुरूप प्रतिनिधित्व की मांग

छत्तीसगढ़ झेरिया यादव समाज के प्रदेश अध्यक्ष जगनिक यादव ने समाज के महत्वपूर्ण सामाजिक एवं राजनीतिक मुद्दों को प्रमुखता से उठाया। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ में यादव समाज की बड़ी आबादी होने के बावजूद समाज को उसकी जनसंख्या के अनुरूप नेतृत्व, प्रतिनिधित्व एवं सम्मान प्राप्त नहीं हो रहा है।

उन्होंने राज्य सरकार से आग्रह किया कि रावत जाति को केंद्रीय अन्य पिछड़ा वर्ग (ओबीसी) की सूची में शामिल कराने हेतु आवश्यक पहल कर केंद्र सरकार को अनुशंसा भेजी जाए, ताकि समाज के विद्यार्थियों एवं युवाओं को शिक्षा, रोजगार तथा केंद्र सरकार की विभिन्न योजनाओं एवं आरक्षण का लाभ मिल सके। इस संबंध में मुख्यमंत्री को समाज की ओर से ज्ञापन भी सौंपा गया।

उन्होंने कहा कि समाज लंबे समय से इस मांग को लोकतांत्रिक एवं संवैधानिक तरीके से उठा रहा है और विश्वास व्यक्त किया कि केंद्र एवं राज्य सरकार इस विषय पर सकारात्मक निर्णय लेंगी।

प्रदेश अध्यक्ष ने यह भी कहा कि प्रदेश के विभिन्न जिलों में यादव समाज की उल्लेखनीय जनसंख्या होने के बावजूद शासन-प्रशासन, निगम-मंडलों, आयोगों एवं अन्य महत्वपूर्ण संस्थाओं में समाज को पर्याप्त प्रतिनिधित्व प्राप्त नहीं हो रहा है। उन्होंने समाज के योग्य, शिक्षित एवं अनुभवी लोगों को अधिक से अधिक अवसर दिए जाने की मांग की।

उन्होंने समाज के सभी वरिष्ठजनों, मातृशक्ति एवं युवाओं से संगठन को और अधिक मजबूत बनाने, समाज सेवा में सक्रिय भागीदारी निभाने तथा नई पीढ़ी को शिक्षा, नेतृत्व एवं राजनीति के क्षेत्र में आगे बढ़ाने का आह्वान किया।

जिला पंचायत अध्यक्ष नवीन अग्रवाल ने कहा कि किसी भी समाज की प्रगति में युवाओं की भूमिका सबसे महत्वपूर्ण होती है। उन्होंने युवाओं से सामाजिक गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी निभाने तथा संगठन को और अधिक सशक्त बनाने के लिए आगे आने का आह्वान किया।

नई नियुक्तियों की घोषणा

संगठन के विस्तार एवं सशक्तिकरण के उद्देश्य से विभिन्न प्रकोष्ठों में नई नियुक्तियों की घोषणा की गई—

 चन्दराम यादव – प्रदेश अध्यक्ष, युवा प्रकोष्ठ

तीरथ यादव – प्रदेश अध्यक्ष, राजनीति प्रकोष्ठ

 राजू यादव – प्रदेश अध्यक्ष, न्याय प्रकोष्ठ

 सैलाना बी.एल. यादव – प्रदेश अध्यक्ष, महिला प्रकोष्ठ

 मानसाय यादव – प्रदेश अध्यक्ष, कर्मचारी प्रकोष्ठ

 हेमलाल यादव – प्रदेश उपाध्यक्ष, कर्मचारी प्रकोष्ठ

 बंशीलाल यादव - पदेन प्रबंधकारिणी सदस्य

समाज की ओर से सभी नवनियुक्त पदाधिकारियों को शुभकामनाएँ एवं सफल कार्यकाल की मंगलकामनाएँ दी गईं।

इस अवसर पर प्रदेश उपाध्यक्ष भगत सिंह यादव, प्रदेश सचिव सुंदर यादव, प्रदेश संयुक्त सचिव मनोज यादव, कोषाध्यक्ष जी.आर. यादव, कार्यकारिणी सदस्य आर.डी. यादव, रंजीत यादव सहित प्रदेश पदाधिकारी, जिला अध्यक्ष, महिला प्रकोष्ठ, युवा प्रकोष्ठ एवं प्रदेशभर से आए समाजबंधुओं का प्रदेश अध्यक्ष द्वारा स्वागत एवं अभिनंदन किया गया।

कार्यक्रम के अंत में आयोजन समिति के रायपुर जिला अध्यक्ष रामलाल यादव ने मुख्यमंत्री, सभी विशिष्ट अतिथियों, जनप्रतिनिधियों, समाज के पदाधिकारियों, मातृशक्ति, युवा साथियों, मीडिया प्रतिनिधियों तथा प्रदेशभर से पधारे सभी समाजबंधुओं के प्रति सफल आयोजन में सहयोग एवं सहभागिता के लिए हार्दिक आभार व्यक्त किया।