दिब्येन्दु मृधा संपादक डीएम इंडिया न्यूज़

(कोरबा-बालको)बालको संयंत्र में कार्य करने वाले युवाओं की समाजसेवी संस्था मानव सेवा मिशन, बालको द्वारा दीपावली के पावन अवसर पर अजगरबहार पंचायत के ग्राम टोंकाभांठा एवं दलदली के जरूरतमंद पहाड़ी कोरवा परिवारों के बीच सेवा एवं खुशियाँ बाँटने का आयोजन किया गया। संस्था का उद्देश्य समाज के जरूरतमंद एवं वंचित परिवारों तक त्योहारों की खुशियाँ पहुँचाना और उनके जीवन में सहयोग एवं संवेदना का उजाला फैलाना है।

इस अवसर पर मिशन के सदस्यों ने परिवारों को मिठाई, बच्चों के लिए फटाके एवं दीपावली की आवश्यक सामग्री वितरित की। महिलाओं को नई साड़ियाँ भेंट की गईं तथा बच्चों को पुराने कपड़े और खिलौने भी प्रदान किए गए। उपहार पाकर बच्चों के चेहरों पर आई मुस्कान और परिवारों की खुशी ने इस आयोजन को यादगार बना दिया।

मानव सेवा मिशन का उद्देश्य केवल किसी एक त्योहार पर सेवा करना नहीं, बल्कि पूरे वर्ष समाज के जरूरतमंद लोगों के साथ खड़े रहना है। मिशन द्वारा स्थापना के समय से ही वर्षभर विभिन्न सेवा गतिविधियाँ संचालित की जाती रही हैं। लगभग हर प्रमुख त्योहार एवं विशेष अवसर पर जरूरतमंद परिवारों, बच्चों, बुजुर्गों और वंचित वर्गों के बीच पहुँचकर उनके साथ खुशियाँ बाँटने का प्रयास किया जाता है। होली, दीपावली, मकर संक्रांति सहित विभिन्न पर्वों पर सेवा कार्यों के माध्यम से यह संदेश देने का प्रयास रहता है कि त्योहारों की खुशियों पर हर व्यक्ति का समान अधिकार है।

मानव सेवा मिशन की एक विशेष बात यह है कि संस्था के सभी पुरुष सदस्य बालको संयंत्र में कार्यरत हैं। ये सभी अपने कार्यक्षेत्र की जिम्मेदारियों का पूरी निष्ठा से निर्वहन करने के साथ-साथ विगत छह वर्षों से अपने परिवार के सदस्यों के सहयोग से समाजसेवा के कार्यों में निरंतर सक्रिय हैं। परिवार के सदस्यों की सहभागिता इस सेवा अभियान को और अधिक मजबूत बनाती है। सभी सदस्य अपने व्यस्त कार्य जीवन से समय निकालकर जरूरतमंदों की सहायता और समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाने का प्रयास करते हैं।

कोरोना काल में जरूरतमंद ग्रामीण परिवारों तक राशन पहुँचाने के उद्देश्य से 5 अप्रैल 2020 को प्रारंभ हुआ मानव सेवा मिशन आज भी निरंतर सेवा के कार्यों में सक्रिय है। राशन एवं कंबल वितरण, जरूरतमंद बच्चों को शैक्षणिक सामग्री उपलब्ध कराना, पहाड़ी कोरवा परिवारों की सहायता, पशु-पक्षियों के लिए गर्मी में पानी की व्यवस्था तथा वृद्धाश्रम एवं अन्य सेवा संस्थानों में सहयोग जैसे अनेक कार्य मिशन द्वारा समय-समय पर किए जाते रहे हैं।

मिशन के सदस्यों का मानना है कि किसी जरूरतमंद के चेहरे पर मुस्कान लाना ही सच्ची सेवा है। इसी भावना के साथ सभी सदस्य मिलकर समाज में सहयोग, संवेदना और मानवता का संदेश आगे बढ़ाने के लिए निरंतर प्रयासरत हैं।


इस सेवा आयोजन में केशव चन्द्रा, राजेश धीवर, अशोक पटेल, कमलेश बोहरपी, रामसहाय पटेल, संजू धुर्वे, डीकेश्वर साहू, शैलेन्द्र साहू तथा महिला सदस्यों में माधुरी चन्द्रा, उमा पटेल, स्मिता पटेल, अलका पृथ्वीकर, रानू नायक एवं सुषमा सिंह की सक्रिय सहभागिता रही।


मानव सेवा मिशन ने इस आयोजन को सफल बनाने में सहयोग देने वाले सभी सदस्यों एवं सहयोगकर्ताओं के प्रति आभार व्यक्त किया।