चिकित्सा दिवस पर सेवा-भावी चिकित्सकों का सम्मान, गायत्री परिवार युवा संगठन "दिया" ने किया अभिनंदन

धनेश देवांगन बिलासपुर संभाग ब्यूरो चीफ

(कोरबा)राष्ट्रीय चिकित्सक दिवस के पावन अवसर पर अखिल विश्व गायत्री परिवार युवा संगठन "दिया" द्वारा समाज की निस्वार्थ सेवा में समर्पित चिकित्सकों का सम्मान समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य जनसेवा में उत्कृष्ट योगदान देने वाले चिकित्सकों के प्रति सम्मान एवं कृतज्ञता व्यक्त करना था।


इस अवसर पर डॉ. रजनी पांडे (कार्डियो एवं डायबिटीज डे-केयर क्लिनिक), डॉ. प्रीतेश (एमबीबीएस), इंदिरा गांधी चिकित्सालय, कोरबा तथा डॉ. विशाल राजपूत का परम पूज्य पंडित श्रीराम शर्मा आचार्य जी का साहित्य, गायत्री मंत्र पट्टी, सम्मान-पत्र एवं फल भेंट कर अभिनंदन किया गया।


कार्यक्रम में दिया नारी शक्ति प्रमुख सुश्री सविता साहू, लावण्या अध्यक्ष आरती आदित्य तथा दिया नारी शक्ति सचिव नेहा सिंह ने चिकित्सकों के सेवा-भाव, समर्पण एवं मानवता के प्रति उनके अमूल्य योगदान की सराहना करते हुए उन्हें राष्ट्रीय चिकित्सक दिवस की शुभकामनाएँ एवं धन्यवाद ज्ञापित किया।


इस अवसर पर नारी शक्ति प्रमुख सविता साहू ने कहा कि "चिकित्सक केवल रोगों का उपचार ही नहीं करते, बल्कि अपने ज्ञान, करुणा और सेवा-भाव से समाज को स्वस्थ, सुरक्षित एवं सशक्त बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। अखिल विश्व गायत्री परिवार सदैव ऐसे सेवा-निष्ठ व्यक्तित्वों का सम्मान करता रहेगा।"


कार्यक्रम का समापन गायत्री मंत्र के उच्चारण एवं सभी चिकित्सकों के उज्ज्वल, स्वस्थ एवं सफल जीवन की मंगलकामनाओं के साथ हुआ।


"सेवा ही सच्चा धर्म है, और चिकित्सक उसी सेवा-धर्म के श्रेष्ठ साधक हैं।"


अखिल विश्व गायत्री परिवार युवा संगठन "दिया", कोरबा