दिब्येन्दु मृधा संपादक डीएम इंडिया न्यूज़

(जांजगीर-चांपा) गणेशोत्सव पर्व को लेकर घर-घर में हर्षोल्लास का माहौल है। विशेषकर छोटे बच्चों में भगवान श्री गणेश के प्रति श्रद्धा और उत्साह देखते ही बनता है। इसी भावना के साथ स्थानीय डागा कॉलोनी, स्टेशन रोड, बरपाली चौक चांपा निवासी रोशन लाल हार्डवेयर स्टोर्स के कमला देवी अग्रवाल परिवार में अंशिका, लक्ष्य और ऐरन अग्रवाल ने पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए अपने नन्हे हाथों से मिट्टी के इको-फ्रेंडली श्री गणेश जी की प्रतिमा तैयार की।

बच्चों ने अपनी मम्मी मधु अग्रवाल के मार्गदर्शन में मिट्टी से भगवान गणेश की सुंदर प्रतिमा के साथ मोदक और उनके वाहन मूषक को भी तैयार किया। बच्चों ने मारवाड़ी भाव में भगवान गणेश के प्रति अपनी श्रद्धा व्यक्त करते हुए कहा—“म्हारो मूषक वाहन छोटो सो है, पर खोटो सो नहीं।”

नन्हे कलाकारों की इस पहल में धार्मिक आस्था के साथ पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी देखने को मिला। मिट्टी से बनी प्रतिमा विसर्जन के बाद आसानी से प्रकृति में घुल-मिल जाती है, जिससे पर्यावरण को नुकसान कम होता है।

परिवार का मानना है कि बच्चों को बचपन से ही प्रकृति संरक्षण और भारतीय संस्कृति से जोड़ना जरूरी है। भगवान श्री गणेश सभी को बुद्धि, ज्ञान, सुख और समृद्धि का मार्ग दिखाएं, यही परिवार की कामना है।

इस अवसर पर बच्चों ने उत्साह के साथ जयकारा लगाया—“एक, दो, तीन, चार, गणेश जी की बारंबार जय-जयकार! बोलो गणपति बप्पा मोरया!”