निर्माण कार्यों में प्रगति लाने और आजीविका गतिविधियों को बढ़ावा देने दिए निर्देश

  कृष्णा पाण्डेय जिला ब्यूरो चीफ जीपीएम    

(गौरेला-पेंड्रा-मरवाही) कलेक्टर विजय दयाराम के. ने आज गौरेला विकासखंड के विभिन्न ग्राम पंचायतों का दौरा कर निर्माणाधीन पीएम आवासों तथा महिला स्व-सहायता समूहों द्वारा संचालित आजीविका गतिविधियों का निरीक्षण किया। उन्होंने ग्राम पंचायत नेवसा में प्रधानमंत्री आवास योजना के हितग्राही अमर सिंह के निर्माणाधीन आवास का निरीक्षण कर हितग्राही से आवास की किस्त समय पर प्राप्त होने की जानकारी ली तथा आवास का निर्माण शीघ्र पूर्ण करने के लिए प्रेरित किया। साथ ही आवास मित्र को स्वीकृत सभी आवासों का निर्माण निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण कराने के निर्देश दिए।

      कलेक्टर ने ज्वालेश्वर धाम में पर्यटकों एवं श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए निर्मित विश्रामगृह के पीछे निर्माणाधीन सामुदायिक शौचालय का निरीक्षण किया। उन्होंने निर्माण कार्य की गुणवत्ता बनाए रखते हुए इसे शीघ्र पूर्ण करने जनपद सीईओ को निर्देश दिए। कलेक्टर ने ग्राम पंचायत तवाडबरा के छोटकी दादर में पीएम जनमन योजना के अंतर्गत लगभग 60 लाख रुपये की लागत से नव निर्मित बहुउद्देशीय केंद्र का अवलोकन किया। उन्होंने केंद्र में वन विभाग एवं राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के माध्यम से विभिन्न आजीविका गतिविधियों का संचालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए, ताकि स्थानीय लोगों को रोजगार एवं आय के बेहतर अवसर उपलब्ध हो सकें।

     निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने ग्राम पंचायत नेवसा में ग्रामीण आजीविका मिशन-बिहान की माँ शारदा महिला स्व-सहायता समूह द्वारा संचालित बांस शिल्प गतिविधियों का अवलोकन किया। उन्होंने महिलाओं द्वारा तैयार किए गए दैनिक उपयोग एवं सजावटी बांस उत्पादों की सराहना की तथा उत्पादों को और अधिक आकर्षक एवं बाजार की मांग के अनुरूप विकसित करने की सलाह दी। इस अवसर पर उन्होंने बांस की उपलब्धता, विपणन व्यवस्था, उत्पादन, आय एवं अन्य गतिविधियों की विस्तृत जानकारी भी प्राप्त की।

      कलेक्टर ने ग्राम पंचायत चुकतीपानी स्थित वन धन विकास केंद्र का भी निरीक्षण किया, जहां महिला स्व-सहायता समूह द्वारा विभिन्न उत्पाद तैयार किए जा रहे हैं। उन्होंने समूह द्वारा निर्मित आइसक्रीम का स्वाद लेकर उसकी गुणवत्ता की सराहना की तथा आजीविका गतिविधियों के विस्तार, उत्पादों के बेहतर विपणन एवं आय संवर्धन के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान भारतीय वन सेवा के अधिकारी गौतम पड़िभार, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी मुकेश रावटे सहित संबंधित विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।