भोलाशंकर रिपोर्टर कुसमुंडा कोरबा

(कोरबा-गेवरा)आयुर्वेद दिवस के अवसर पर CISF इकाई एसईसीएल बिलासपुर के इकाई लाइन, गेवरा में आयुर्वेद के महत्व एवं उपयोगिता को लेकर विशेष जागरूकता का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में वैद्य चित्तरेश कुमार साहू, वैद्य वीरेंद्र कुमार वक्ष एवं वैद्य धाजाराम चौहान ने उपस्थित बल सदस्यों को आयुर्वेद की प्राचीन चिकित्सा पद्धति, उसके सिद्धांतों एवं दैनिक जीवन में इसकी उपयोगिता के संबंध में विस्तारपूर्वक जानकारी दी।

विशेषज्ञ वैद्यों ने वात, पित्त एवं कफ के साथ-साथ विभिन्न वनौषधियों एवं प्राकृतिक औषधीय पौधों के गुण, उपयोग एवं महत्व के बारे में गहराई से मार्गदर्शन किया। उन्होंने विभिन्न वनस्पति औषधियों को प्रत्यक्ष रूप से दिखाते हुए उनके उदाहरण एवं उपयोग की जानकारी भी दी, जिससे प्रतिभागियों को आयुर्वेदिक चिकित्सा पद्धति को व्यवहारिक रूप से समझने में सहायता मिली।

वैद्यों ने बताया कि आयुर्वेद सदियों से चली आ रही एक प्राचीन एवं समग्र स्वास्थ्य प्रणाली है, जो स्वस्थ जीवनशैली, प्राकृतिक संसाधनों तथा शरीर के संतुलन पर विशेष जोर देती है। उन्होंने स्वस्थ रहने के लिए प्राकृतिक जीवनशैली अपनाने तथा आयुर्वेद के वैज्ञानिक एवं पारंपरिक ज्ञान को समझने की आवश्यकता पर भी प्रकाश डाला।


कार्यक्रम के दौरान उपस्थित CISF कर्मियों ने आयुर्वेद से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियां प्राप्त कीं तथा विशेषज्ञों से विभिन्न विषयों पर चर्चा कर अपनी जिज्ञासाओं का समाधान किया। कार्यक्रम का उद्देश्य बल सदस्यों में प्राकृतिक स्वास्थ्य, स्वस्थ जीवनशैली एवं आयुर्वेद के प्रति जागरूकता बढ़ाना रहा।