विधायक सुशांत शुक्ला ने यज्ञशाला पहुंच मार्ग के लिए 3 करोड़ और सामाजिक भवन के लिए 30 लाख रुपये देने की घोषणा की

चंद्र कुमार निणे॔जक जिला ब्यूरो चीफ बिलासपुर

(बिलासपुर) यादव समाज बेलतरा के तत्वावधान में ग्राम खैर डगनिया स्थित यज्ञशाला परिसर के लक्ष्मी नारायण मंदिर में जिला स्तरीय गोवर्धन पूजा महोत्सव हर्षोल्लास और धार्मिक उत्साह के साथ मनाया गया। इस अवसर पर विधि-विधान से गोवर्धन पर्वत एवं मुरली मनोहर भगवान श्रीकृष्ण की पूजा-अर्चना कर महाआरती की गई। कार्यक्रम में सामाजिक एकता, सांस्कृतिक परंपरा और प्रकृति संरक्षण का संदेश देते हुए समाज के प्रबुद्धजनों एवं अतिथियों का आत्मीय स्वागत किया गया।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि बेलतरा विधायक सुशांत शुक्ला ने कहा कि भगवान श्रीकृष्ण ने मानव समाज को प्रकृति की पूजा और उसके संरक्षण का संदेश दिया है। प्रकृति मानव जीवन का आधार है और हमें जीवन के प्रत्येक शुभ अवसर पर पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण में योगदान देना चाहिए। उन्होंने कहा कि यादव समाज अपनी गौरवशाली संस्कृति, परंपरा और परोपकारी भावना के लिए जाना जाता है। इस दौरान विधायक ने यज्ञशाला पहुंच मार्ग एवं परसदा तक जोड़ने वाली सड़क के निर्माण के लिए 3 करोड़ रुपये स्वीकृत होने की जानकारी दी। साथ ही सामाजिक सामुदायिक भवन निर्माण के लिए 30 लाख रुपये देने की घोषणा की।

कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे पूर्व महापौर रामशरण यादव ने कहा कि द्वारकाधीश भगवान श्रीकृष्ण के वंशज यादव समाज की पहचान सेवा, समर्पण और परोपकार से है। समाज गौमाता, प्रकृति और गोवर्धन पर्वत को पूजनीय मानते हुए अपनी परंपराओं का निर्वहन करता आ रहा है। उन्होंने सभी को गोवर्धन पूजा की शुभकामनाएं दीं।

विशिष्ट अतिथि जिला पंचायत अध्यक्ष राजेश सूर्यवंशी ने कहा कि 'जय यादव, जय माधव' का उद्घोष समाज की सांस्कृतिक विरासत और सामाजिक सौहार्द का प्रतीक है। यादव समाज रावत नाच महोत्सव, मातर और गोवर्धन पूजा जैसे पारंपरिक आयोजनों के माध्यम से अपनी संस्कृति को जीवंत रखते हुए सामाजिक एकता का संदेश देता है।

यादव समाज के प्रदेश अध्यक्ष भुनेश्वर यादव एवं पिछड़ा वर्ग आयोग के पूर्व अध्यक्ष सोमनाथ यादव ने कहा कि भगवान श्रीकृष्ण से जुड़ा यादव समाज सदैव प्रकृति और पर्यावरण के महत्व को समझता आया है। गोवर्धन पूजा केवल धार्मिक अनुष्ठान नहीं, बल्कि प्रकृति के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करने का पर्व है। पेड़-पौधे, नदियां, पर्वत और गौवंश मानव जीवन के आधार हैं। आधुनिक समय में पर्यावरण संरक्षण के लिए गोवर्धन पूजा का संदेश और भी प्रासंगिक हो गया है।

जिला कांग्रेस कमेटी के पूर्व अध्यक्ष विजय केशरवानी एवं शहर कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष सुधांशु मिश्रा ने कहा कि यादव समाज द्वारा आयोजित यह महोत्सव सामाजिक एकता, भाईचारे और सांस्कृतिक समरसता का परिचायक है। ऐसे आयोजनों में समाज की महिलाओं की भागीदारी भी बढ़नी चाहिए, ताकि नई पीढ़ी को संस्कृति और परंपराओं से जोड़ने के साथ महिलाओं को भी सामाजिक गतिविधियों में आगे आने का अवसर मिले।

कार्यक्रम को सेलर सरपंच धनंजय सिंह ठाकुर, रामकुमार यादव, आकाश यादव, शिवशंकर यादव, लक्ष्मी यादव, बहोरन यादव एवं अनिल यादव ने भी संबोधित किया।

कार्यक्रम का सफल संचालन पूजा समिति के कोषाध्यक्ष अनिल यादव ने किया तथा आभार प्रदर्शन समिति अध्यक्ष शिवशंकर यादव ने किया।

इस अवसर पर रामनारायण यादव, शैलेंद्र यादव, अमित यादव, संतोष यादव, धनंजय यादव, पारस यादव, ललित यादव, सुनील यादव, उमेश गौराहा, जागेंद्र कश्यप, सुनील सोनकर, साखन दर्वे, नीरज यादव, मनोज यादव, गौरीशंकर यादव, शंकर यादव, बौद्धराम यादव, लाला यादव, अमन यादव, मुकुंद यादव, लक्ष्मी यादव, सहित यादव समाज के जनप्रतिनिधि, महिलाएं, युवा एवं बच्चे बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। समिति के सदस्यों का रहा सराहनीय योगदान

जिला स्तरीय गोवर्धन पूजा महोत्सव को सफल बनाने में आयोजन समिति के सदस्यों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। समिति के शिवशंकर यादव, धनंजय यादव,सिनोद यादव , बलराम, हेमंत यादव, अनिल यादव, कृष्ण कुमार, यशवंत यादव, बसंत यादव, गेंदराम, प्रमोद, अभिलेश, रमेश, बरातुराम, बृजेश यादव, अनुसूया, सरस्वती यादव, जयपाल, दादूराम, भागवत यादव, जीवराखन, दिलीप यादव, विजय यादव एवं ईश्वर यादव सहित सभी सदस्यों का सराहनीय योगदान रहा।