भोलाशंकर रिपोर्टर कुसमुंडा कोरबा

(कोरबा)रायगढ़ नगर निगम ऑडिटोरियम में आयोजित भव्य समारोह में कोरबा जिले के छह शिक्षक-शिक्षिकाओं को राष्ट्रीय शिक्षा सम्मान से सम्मानित किया गया। राष्ट्रीय स्तर पर चयनित 1500 शिक्षक-शिक्षिकाओं में से विशिष्ट एवं नवाचारी शैक्षिक कार्यक्रमों के लिए चुने गए 200 शिक्षकों को स्मृति चिन्ह और प्रशस्ति पत्र प्रदान किया गया।

कोरबा जिले से सर्वेश सोनी, राकेश कौशिक, तीज पटेल, मनोज प्रधान, प्रिया दुबे और सीमा साहू को सतत शाला विकास, सामुदायिक सहभागिता तथा विभिन्न नवाचारी शैक्षिक प्रयासों के लिए सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम में कोरबा जिले की ओर से सर्वेश सोनी ने अपने विद्यालय में पर्यावरण संरक्षण एवं संवर्धन के लिए किए जा रहे प्रयासों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि विद्यालय में पर्यावरण संरक्षण के साथ ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत बड़ी संख्या में पौधों का संरक्षण एवं संवर्धन किया गया है। विद्यालय में पौधों की देखभाल के लिए विद्यार्थियों और समुदाय की सहभागिता से उन्हें ‘वृक्ष मित्र’ बनाया गया है। उन्होंने बताया कि लगातार पौधारोपण और संरक्षण के चलते अब विद्यालय परिसर में पौधारोपण के लिए स्थान भी कम पड़ने लगा है।

कार्यक्रम का संचालन देवेन्द्र पंड्या एवं विजया पंड्या ने किया। राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. पूर्णानंद मिश्र ने कहा कि शिक्षकों का सम्मान ही राष्ट्र का सम्मान है। विशिष्ट अतिथि गुणनिधि पाणिग्रही ने राष्ट्र निर्माण में शिक्षकों की सतत भागीदारी पर जोर दिया। मुख्य अतिथि ने शिक्षकों की भूमिका को चाणक्य, सांदीपनि, वशिष्ठ और वाल्मीकि जैसे महान व्यक्तित्वों से जोड़ते हुए राष्ट्रहित में निरंतर योगदान देने का आह्वान किया।

समारोह के बाद सभी अतिथियों और संयोजन टीम ने सामूहिक भोज में सहभागिता की। कोरबा के शिक्षकों को पूर्व में भी अनेक सम्मान मिल चुके हैं। इस यात्रा को सर्वेश सोनी के जन्मदिन पर मिली सम्मान की खुशी और कोसमनारा स्थित प्रसिद्ध सत्यनारायण बाबा के दर्शन ने और यादगार बना दिया।