धान की गुणवत्ता, नमी, टोकन व्यवस्था एवं बारदानों की उपलब्धता की जांच की

कृष्णा पाण्डेय जिला ब्यूरो चीफ जीपीएम 

(गौरेला-पेंड्रा-मरवाही)कलेक्टर विजय दयाराम के. ने आज मरवाही विकासखंड के धान उपार्जन केंद्र लरकेनी, निमधा, सिवनी एवं भर्रीडांड़ का निरीक्षण कर समर्थन मूल्य पर धान खरीदी की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने उपार्जन केंद्रों में किसानों की संख्या, खरीदी के लिए लाए गए धान की मात्रा, नमी, गुणवत्ता, टोकन पर्ची तथा बारदानों की उपलब्धता आदि की जांच की। कलेक्टर ने धान खरीदी प्रक्रिया को पारदर्शी एवं सुव्यवस्थित ढंग से संचालित करने तथा किसानों की सुविधा का विशेष ध्यान रखने के निर्देश दिए।

     निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने समिति प्रबंधकों एवं फड़ प्रभारियों से धान खरीदी की प्रगति और व्यवस्थाओं की विस्तृत जानकारी ली। उन्होंने किसानों से खरीदे जा रहे धान की गुणवत्ता एवं निर्धारित नमी मानकों का विशेष ध्यान रखने तथा टोकन व्यवस्था का सुचारू संचालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि धान खरीदी के दौरान शासन द्वारा निर्धारित नियमों एवं प्रक्रियाओं का कड़ाई से पालन किया जाए। उल्लेखनीय है कि राज्य शासन द्वारा समर्थन मूल्य पर धान खरीदी की अधिकतम सीमा 21 क्विंटल प्रति एकड़, लिंकिंग सहित निर्धारित की गई है।

    कलेक्टर ने उपार्जन केंद्रों में बारदानों की उपलब्धता की समीक्षा करते हुए नए बारदानों के साथ ही सार्वजनिक वितरण प्रणाली (पीडीएस) एवं मिलर्स से प्राप्त बारदानों की संख्या की जानकारी ली। उन्होंने नए एवं पुराने बारदानों में भरे धान की अलग-अलग स्टैकिंग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए, ताकि खरीदे गए धान का व्यवस्थित भंडारण एवं समुचित रखरखाव हो सके। उन्होंने सभी उपार्जन केंद्रों में किसानों के लिए उपलब्ध मूलभूत सुविधाओं का भी अवलोकन किया। उन्होंने समिति प्रबंधकों एवं संबंधित कर्मचारियों को खरीदी कार्य में पूरी सतर्कता एवं जिम्मेदारी बरतने तथा किसानों को धान विक्रय के दौरान किसी प्रकार की असुविधा नहीं होने देने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान वनमंडलाधिकारी कुमार निशांत भी उपस्थित थे।