सेवा सेतु केंद्र के माध्यम से हितग्राही को मिली त्वरित और पारदर्शी सेवा

   (सक्ती)छत्तीसगढ़ शासन की सेवा सेतु पहल ग्रामीण एवं दूरस्थ क्षेत्रों के नागरिकों तक शासकीय सेवाओं की सहज, त्वरित एवं पारदर्शी पहुंच सुनिश्चित कर रही है। इस पहल के माध्यम से विभिन्न प्रमाण-पत्रों एवं अन्य आवश्यक शासकीय सेवाओं का लाभ नागरिकों को समयबद्ध तरीके से मिल रहा है। अब लोगों को छोटे-छोटे कार्यों के लिए बार-बार शासकीय कार्यालयों के चक्कर नहीं लगाने पड़ रहे हैं, जिससे उनके समय और धन दोनों की बचत हो रही है।

      इसी क्रम में सक्ती जिले के जैजैपुर निवासी राजू लहरे ने अपने पुत्र योगेश लहरे के लिए सेवा सेतु केंद्र, तहसील जैजैपुर में आय प्रमाण-पत्र बनवाने हेतु आवेदन किया। आवेदन पर त्वरित कार्रवाई करते हुए संबंधित अधिकारियों द्वारा कुछ ही दिनों में आय प्रमाण-पत्र जारी कर दिया गया। समय पर आय प्रमाण-पत्र प्राप्त होने पर हितग्राही राजू लहरे ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए छत्तीसगढ़ शासन की सेवा सेतु पहल एवं मुख्यमंत्री के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि सेवा सेतु केंद्र के माध्यम से प्रमाण-पत्र प्राप्त करने की प्रक्रिया अब पहले की अपेक्षा अधिक सरल, सुगम, पारदर्शी और समयबद्ध हो गई है। यह पहल आम नागरिकों को घर के निकट ही बेहतर शासकीय सेवाएं उपलब्ध कराने की दिशा में एक प्रभावी प्रयास सिद्ध हो रही है।