चंद्र कुमार निणे॔जक जिला ब्यूरो चीफ बिलासपुर

(बिलासपुर) भारतीय मजदूर संघ जिला बिलासपुर ने मजदूरों और कर्मचारियों की लंबे समय से लंबित मांगों के समाधान की मांग को लेकर केंद्र सरकार के नाम जिला प्रशासन को ज्ञापन सौंपा। संगठन ने 17 अगस्त को देशभर में आयोजित “मांग दिवस” के तहत यह ज्ञापन दिया।

ज्ञापन में मजदूरों और कर्मचारियों से जुड़ी 11 प्रमुख मांगों को तत्काल पूरा करने की मांग की गई है। इनमें EPS-95 के तहत न्यूनतम पेंशन को 1100 रुपये से बढ़ाकर 7500 रुपये प्रतिमाह करने और इसे आयुष्मान भारत योजना से जोड़ने की मांग प्रमुख है। इसके अलावा EPF, ESIC और बोनस की गणना के लिए अधिकतम वेतन सीमा को दोगुना करने तथा पुरानी पेंशन योजना (OPS) को फिर से लागू करने की मांग की गई है।

संगठन ने ग्रेच्युटी की गणना को 15 दिन के वेतन से बढ़ाकर 30 दिन के वेतन के आधार पर करने, सभी कर्मचारियों के लिए “समान काम के लिए समान वेतन” लागू करने और जीवन-यापन की बढ़ती लागत के अनुरूप न्यूनतम वेतन में वृद्धि की मांग रखी है।

ज्ञापन में आंगनबाड़ी, आशा, मिड-डे-मील, NHM सहित विभिन्न योजना कर्मियों के मानदेय में बढ़ोतरी, बैंकों में पांच दिवसीय कार्य सप्ताह लागू करने तथा लेबर कोड में मजदूर विरोधी प्रावधानों को हटाने की मांग भी शामिल है।

संगठन ने हैवी इंजीनियरिंग कॉरपोरेशन सहित विभिन्न संस्थानों के कर्मचारियों की समस्याओं के समाधान और LIC में पदस्थ डेवलपमेंट ऑफिसरों को नौकरी की सुरक्षा देने की भी मांग की। ज्ञापन सौंपते समय जिला मंत्री संजय कुमार तिवारी सहित संगठन के पदाधिकारी मौजूद रहे।