भोलाशंकर रिपोर्टर कुसमुंडा कोरबा डीएम इंडिया न्यूज़

(कोरबा) शारदीय नवरात्रि के पहले दिन से ही कुसमुंडा के आदर्श नगर स्थित मां शेरावाली मंदिर में भक्तिमय माहौल बना हुआ है। नवरात्रि के चौथे दिन तक पूरा आदर्श नगर मां दुर्गा की भक्ति में रंगा नजर आया। मंदिर में कुल 21 ज्योति कलश प्रज्वलित किए गए हैं, जिनके दर्शन के लिए श्रद्धालु बड़ी संख्या में पहुंच रहे हैं।


मंदिर के कपाट प्रतिदिन सुबह 5 बजे श्रद्धालुओं के दर्शन के लिए खोल दिए जाते हैं। सुबह 6 बजे पुजारी दिग्विजय सिंह विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर माता की आरती करते हैं। आरती के बाद दर्शन के लिए श्रद्धालुओं की कतारें लगने लगती हैं। भक्त मां के दरबार में माथा टेककर परिवार की सुख-शांति, समृद्धि और खुशहाली की कामना कर रहे हैं।


नवरात्रि के अवसर पर मंदिर परिसर जय माता दी के जयकारों और भक्ति गीतों से गूंज रहा है। महिलाएं और बच्चे गरबा नृत्य सहित विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रमों में उत्साहपूर्वक भाग ले रहे हैं। मंदिर की आकर्षक विद्युत सजावट भी श्रद्धालुओं के लिए विशेष आकर्षण बनी हुई है।


21 मनोकामना ज्योति कलश बने आस्था का केंद्र


मंदिर समिति के अध्यक्ष विकेश झा ने बताया कि नवरात्रि में मंदिर में घृत मनोकामना ज्योति कलश प्रज्वलित किए जाते हैं। माता के प्रति श्रद्धालुओं की गहरी आस्था के चलते दूर-दूर से भक्त दर्शन और पूजा-अर्चना के लिए पहुंचते हैं। सांस्कृतिक कार्यक्रमों में महिलाओं और बच्चों की भागीदारी उत्सव की रौनक बढ़ा रही है।


उन्होंने बताया कि श्रद्धालुओं को दर्शन के दौरान किसी प्रकार की परेशानी न हो, इसके लिए वे स्वयं मंदिर परिसर में मौजूद रहकर व्यवस्थाओं पर नजर रखते हैं। नवरात्रि के चलते पूरे क्षेत्र में श्रद्धा, उल्लास और भक्ति का वातावरण बना हुआ है।