ग्रामीणों ने लिया जल स्रोतों की स्वच्छता एवं संरक्षण का संकल्प

कृष्णा पाण्डेय जिला ब्यूरो चीफ जीपीएम डीएम इंडिया न्यूज़ 

(गौरेला-पेंड्रा-मरवाही)सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत आज ग्राम पंचायत धनौली स्थित खुदरी जलाशय में जल संसाधन,लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी तथा पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग के संयुक्त तत्वावधान में स्वच्छता एवं जल संरक्षण जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया।

कार्यक्रम के तहत जलाशय परिसर एवं आसपास स्वच्छता अभियान चलाया गया। साथ ही जल जन चौपाल, ग्रामीण पेयजल स्रोतों की जांच एवं ग्राम जल सुरक्षा संवाद के माध्यम से ग्रामीणों को जल संरक्षण, स्वच्छ पेयजल के महत्व तथा जल स्रोतों को प्रदूषण मुक्त रखने के संबंध में जागरूक किया गया। इस अवसर पर ग्रामीणों को वर्षा जल संचयन, जल के विवेकपूर्ण उपयोग तथा जलाशयों एवं प्राकृतिक जल स्रोतों के आसपास नियमित साफ-सफाई बनाए रखने के लिए प्रेरित किया गया। ग्रामीणों ने जल संरक्षण को जनभागीदारी से जन आंदोलन बनाने तथा जल स्रोतों की स्वच्छता एवं सुरक्षा के लिए सामूहिक संकल्प लिया। कार्यक्रम में विभागीय अमले एवं ग्रामवासियों की सहभागिता रही।