दिब्येन्दु मृधा संपादक डीएम इंडिया न्यूज़ 

(कोरबा) शासकीय औद्योगिक प्रशिक्षण केंद्र (आईटीआई) रामपुर, कोरबा में 25 मई 2026 को एक दिवसीय सड़क सुरक्षा एवं यातायात जागरूकता कार्यक्रम के तहत कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यशाला का उद्देश्य प्रशिक्षणार्थियों को सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक करना तथा यातायात नियमों के पालन के लिए प्रेरित करना रहा।

कार्यक्रम के दौरान सड़क पर सुरक्षित आवागमन, यातायात नियमों के पालन, वाहन चलाते समय आवश्यक सावधानियों तथा दुर्घटनाओं से बचाव के उपायों की विस्तार से जानकारी दी गई। उपस्थित प्रशिक्षणार्थियों को बताया गया कि सड़क दुर्घटनाओं को रोकने में यातायात नियमों का पालन महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। वाहन चलाते समय हेलमेट एवं सीट बेल्ट का अनिवार्य रूप से उपयोग करने, निर्धारित गति सीमा का पालन करने तथा नशे की स्थिति में वाहन नहीं चलाने के लिए भी जागरूक किया गया।


कार्यशाला में आरटीओ प्रभारी अतुल, असैया सतनंद जांगड़े, प्रदीप सिंह, तेज सिंह, मोटर ड्राइविंग स्कूल के संचालक सहित आईटीआई के प्रशिक्षण अधिकारी एवं अन्य संबंधित कर्मचारी उपस्थित रहे। अधिकारियों ने प्रशिक्षणार्थियों से यातायात नियमों को स्वयं अपनाने के साथ-साथ अपने परिवार और आसपास के लोगों को भी सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक करने की अपील की।


कार्यक्रम के माध्यम से युवाओं को जिम्मेदार वाहन चालक बनने तथा सड़क पर अपनी और दूसरों की सुरक्षा को प्राथमिकता देने का संदेश दिया गया। कार्यशाला में प्रशिक्षणार्थियों ने यातायात नियमों का पालन करने का संकल्प भी लिया।