जिला पंचायत सीईओ ऋषिकेश तिवारी ने हरी झंडी दिखाकर किया रवाना

DGCA प्रमाणित संस्थान में प्राप्त करेंगी ड्रोन संचालन का प्रशिक्षण

राजकमल अग्रवाल जिला ब्यूरो चीफ सारंगढ़-बिलाईगढ़

(सारंगढ़-बिलाईगढ़)महिलाओं को आधुनिक कृषि तकनीक से जोड़ने, उन्हें आत्मनिर्भर बनाने तथा कृषि क्षेत्र में नई तकनीकों के उपयोग को बढ़ावा देने के उद्देश्य से जिले में ड्रोन दीदी योजना के तहत महत्वपूर्ण पहल की जा रही है। इसी कड़ी में कलेक्टर पद्मिनी भोई साहू के निर्देशानुसार बुधवार को सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले की 10 महिला प्रतिभागियों के प्रथम बैच को ड्रोन दीदी प्रशिक्षण के लिए रायपुर रवाना किया गया।

इस अवसर पर सारंगढ़ स्थित रेस्ट हाउस (सर्किट हाउस) से जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी ऋषिकेश तिवारी ने हरी झंडी दिखाकर प्रशिक्षणार्थियों के वाहन को रवाना किया। जिले की इन 10 प्रतिभागियों को रायपुर स्थित डीजीसीए (DGCA) से प्रमाणित आरपीटीओ (RPTO) संस्थान द्वारा ड्रोन संचालन का प्रशिक्षण प्रदान किया जाएगा।


प्रशिक्षण के दौरान प्रतिभागियों को ड्रोन के संचालन, उसके तकनीकी उपयोग, रखरखाव तथा कृषि कार्यों में ड्रोन के प्रभावी इस्तेमाल से संबंधित आवश्यक जानकारी एवं व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया जाएगा। इसके माध्यम से महिलाएं आधुनिक कृषि पद्धतियों से जुड़कर खेती-किसानी के कार्यों में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकेंगी। साथ ही भविष्य में ड्रोन के माध्यम से खेतों में उर्वरक एवं कीटनाशकों के छिड़काव जैसी सेवाएं प्रदान कर स्वरोजगार और आय के नए अवसर भी विकसित कर सकेंगी।


ड्रोन दीदी पहल का उद्देश्य ग्रामीण महिलाओं को तकनीकी रूप से दक्ष बनाकर उन्हें रोजगार एवं स्वरोजगार से जोड़ना है। इससे न केवल महिलाओं की आर्थिक आत्मनिर्भरता को बढ़ावा मिलेगा, बल्कि कृषि क्षेत्र में आधुनिक तकनीक के विस्तार को भी गति मिलेगी।


इस अवसर पर रवि कुमार, श रवि यादव एवं कृषि विभाग से जेपी गुप्ता सहित अन्य संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।