दिब्येन्दु मृधा संपादक डीएम इंडिया न्यूज़

(जांजगीर-चांपा) अकलतरा क्षेत्र की अग्रणी सामाजिक संस्था वेल विशर फाउंडेशन के अध्यक्ष अविनाश सिंह ने शासकीय उच्चतर माध्यमिक शाला नरियरा की प्राचार्या हर्ष कुमारी टोप्पो से सौजन्य मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने प्राचार्या का कुशलक्षेम जाना तथा विद्यालय में विद्यार्थियों के लिए उपलब्ध शैक्षणिक सुविधाओं और सामने आ रही असुविधाओं के संबंध में जानकारी ली।


मुलाकात के दौरान विद्यालय के शैक्षणिक वातावरण, विद्यार्थियों की आवश्यकताओं तथा विद्यालय से जुड़े विभिन्न विषयों पर भी संक्षिप्त चर्चा की गई। अविनाश सिंह ने कहा कि शिक्षा के साथ विद्यार्थियों में संस्कार, अनुशासन, आत्मविश्वास और राष्ट्रसेवा की भावना विकसित करना भी आवश्यक है। युवाओं को महापुरुषों के जीवन और उनके विचारों से प्रेरणा लेकर समाज एवं देश के विकास में योगदान देना चाहिए।


इसी क्रम में वेल विशर फाउंडेशन की ओर से शाला परिवार को युवाओं एवं संस्था के सदस्यों के प्रेरणास्रोत स्वामी विवेकानंद का तैलचित्र भेंट किया गया। तैलचित्र भेंट करते हुए संस्था अध्यक्ष ने स्वामी विवेकानंद के विचारों को युवाओं के लिए सदैव प्रेरणादायी बताया।


प्राचार्या हर्ष कुमारी टोप्पो ने वेल विशर फाउंडेशन के इस प्रयास की सराहना करते हुए आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि स्वामी विवेकानंद के विचार विद्यार्थियों को लक्ष्य के प्रति समर्पित होकर आगे बढ़ने की प्रेरणा देते हैं। इस अवसर पर विद्यालय परिवार एवं वेल विशर फाउंडेशन से जुड़े सदस्य उपस्थित रहे।