धनेश देवांगन बिलासपुर संभाग ब्यूरो चीफ

(कोरबा) बांकी मोंगरा के पुराना थाना के पास सिविल ऑफिस के सामने स्थित सियान सदन भवन का जल्द ही कायाकल्प किया जाएगा। करीब 20 वर्ष पहले बने इस भवन की लंबे समय से उचित देखरेख नहीं होने के कारण इसकी स्थिति धीरे-धीरे जर्जर हो गई है।

इस संबंध में जर्जर हो चुके सियान सदन परिसर में सभा का आयोजन कर माँ सिद्धिदात्री जनकल्याण समिति के सदस्यों ने भाजयुमो के पूर्व प्रदेश कोषाध्यक्ष विकास झा को नगर पालिका बांकी मोंगरा के नाम ज्ञापन सौंपा।

मांगपत्र पर विचार करते हुए विकास झा ने कहा कि वर्षों पूर्व निर्मित इस भवन को तोड़ा नहीं जाएगा और न ही नया भवन बनाया जाएगा। उन्होंने बताया कि वर्तमान भवन अभी भी मजबूत स्थिति में है, इसलिए इसका जीर्णोद्धार कर इसे सुंदर और व्यवस्थित बनाया जाएगा। साथ ही सुरक्षा की दृष्टि से परिसर के चारों ओर बाउंड्रीवाल और मुख्य द्वार लगाए जाएंगे ताकि परिसर सुरक्षित रह सके।

उन्होंने यह भी कहा कि बुजुर्गों के मनोरंजन के लिए सियान सदन में एलईडी टीवी, कैरम बोर्ड तथा अन्य खेल सामग्री की व्यवस्था की जाएगी। समाज में बुजुर्गों का महत्वपूर्ण स्थान है और उनके सम्मान व सुविधाओं के लिए हर संभव प्रयास किया जाएगा।

सभा के दौरान समिति के सदस्यों ने भवन परिसर के एक हिस्से में अवैध कब्जा कर दुकान बनाने की शिकायत भी रखी। इस पर विकास झा ने नगर पालिका की ओर से कार्रवाई कर परिसर को कब्जा मुक्त कराने का आश्वासन दिया।

इस अवसर पर मुन्ना लाल साहू, अशोक अग्रवाल, लीलाधर साहू, सूरज देव, के.डी. महंत, अमरु दास महंत, साबित राम साहू, चंदराम कश्यप, श्याम लाल पटेल, सीताराम देवांगन, सदन देवांगन, राजेंद्र दुबे, देव चरण आदित्य, रत्न दाऊ नारायण, तारा ठाकुर, रोहिणी कश्यप, अगर बाई, बसंती बाई सहित अनेक स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।