देवेन्द्र कुमार खूंटे रिपोर्टर रामपुर कोरबा

(कोरबा) वन संपदा की अवैध कटाई और परिवहन के खिलाफ कोरबा वनमंडल में वन विभाग ने बड़ी कार्रवाई की है। रात्रि गश्ती के दौरान विभागीय टीम ने बोलेरो मैक्स पिकअप वाहन से सागौन के 26 नग लट्ठे बरामद कर वाहन सहित जब्त किया। जब्त सागौन की अनुमानित कीमत करीब 85 हजार रुपये बताई गई है।

वन विभाग को मुखबिर से सूचना मिली थी कि वन परिक्षेत्र कोरबा अंतर्गत भुलसीडीह के जंगल क्षेत्र से सागौन की लकड़ी अवैध रूप से काटकर परिवहन की जा रही है। सूचना के आधार पर वन विभाग की टीम ने झगरहा से भुलसीडीह बैरियर के मध्य वन मार्ग पर रात्रि गश्ती शुरू की। इसी दौरान जंगल की ओर से आ रहे बोलेरो मैक्स पिकअप क्रमांक CG-13 AY 1202 को रोककर जांच की गई।


जांच में वाहन के अंदर सागौन के 26 नग लट्ठे मिले। चालक द्वारा लकड़ी के संबंध में कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किए जाने पर वन विभाग ने तत्काल वाहन और लकड़ी को जब्त कर लिया। मामले में वन अपराध प्रकरण पी.ओ.आर. क्रमांक 5647/07, दिनांक 15 अगस्त 2026 दर्ज किया गया है। वन अधिनियम के तहत आगे की कार्रवाई जारी है।


यह कार्रवाई वनमंडलाधिकारी जितेन्द्र कुमार उपाध्याय के आदेश तथा उपवनमंडलाधिकारी उत्तर कोरबा रामसिंह राठिया एवं उपवनमंडलाधिकारी दक्षिण कोरबा सूर्यकांत सोनी के निर्देशन में की गई। नेतृत्व वन परिक्षेत्र अधिकारी कोरबा डेंगजय शर्मा ने किया।


कार्रवाई में परिक्षेत्र सहायक यशमल आदिल, परिसर रक्षक गुरुवेंद्र कुंवर, अर्जुन सिंह कंवर, बलराम राठिया सहित अन्य वन कर्मचारी शामिल रहे। स्थानीय मुखबिरों के साथ संयुक्त वन प्रबंधन समिति इमलीडीह एवं भुलसीडीह के सदस्यों का भी सहयोग मिला।


वन विभाग ने कहा है कि अवैध कटाई और लकड़ी के अवैध परिवहन के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा तथा वन क्षेत्रों में रात्रि गश्ती और निगरानी को और प्रभावी बनाया जाएगा।