देवेन्द्र कुमार खूंटे रिपोर्टर रामपुर कोरबा

(कोरबा-रामपुर) करतला थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत रामपुर में बुधवार दोपहर आकाशीय बिजली गिरने से छह साइबेरियन पक्षियों की मौत हो गई। घटना के बाद गांव में दहशत का माहौल है और ग्रामीणों ने गांव में लगे तड़ित चालकों (लाइटनिंग अरेस्टर) की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए उनकी तत्काल तकनीकी जांच की मांग की है।

जानकारी के अनुसार, दोपहर करीब 3:45 बजे तेज गरज-चमक के साथ बारिश शुरू हुई। इसी दौरान दशहरा चौक के पास स्थित एक विशाल इमली के पेड़ पर आकाशीय बिजली गिरी। उस समय पेड़ पर बड़ी संख्या में पक्षी बैठे थे, जिनमें से छह साइबेरियन पक्षी बिजली की चपेट में आकर मौके पर ही मृत हो गए। घटना के बाद ग्रामीण मौके पर पहुंचे और मृत पक्षियों को देखकर स्तब्ध रह गए।

ग्रामीणों का कहना है कि यदि उस समय पेड़ के नीचे लोग मौजूद होते तो बड़ा हादसा हो सकता था। उनका आरोप है कि गांव में पहले से तड़ित चालक लगे होने के बावजूद बिजली सीधे पेड़ पर गिरना सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर प्रश्नचिह्न खड़ा करता है।

ग्रामीणों ने जिला प्रशासन और संबंधित विभाग से गांव में स्थापित सभी तड़ित चालकों की तकनीकी जांच कराने, खराब उपकरणों को बदलने तथा स्कूल पारा, दशहरा चौक सहित संवेदनशील स्थानों पर अतिरिक्त उच्च क्षमता वाले तड़ित चालक लगाने की मांग की है। उनका कहना है कि मानसून के दौरान क्षेत्र में अक्सर आकाशीय बिजली गिरने की घटनाएं होती हैं, इसलिए समय रहते प्रभावी सुरक्षा उपाय जरूरी हैं।

ग्रामीणों ने विशेषज्ञों की टीम से पूरे क्षेत्र का निरीक्षण कर भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए ठोस कदम उठाने की मांग की है। यह घटना प्राकृतिक आपदाओं से बचाव के लिए सुरक्षा उपकरणों की नियमित निगरानी और तकनीकी परीक्षण की आवश्यकता को एक बार फिर उजागर करती है।