धनेश देवांगन बिलासपुर संभाग ब्यूरो चीफ

(कोरबा-बांकीमोंगरा)प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के ऐतिहासिक अवसर पर बांकीमोंगरा में भव्य एवं गरिमामय उत्सव का आयोजन किया गया। नगर पालिका परिषद अध्यक्ष सोनी विकास झा के नेतृत्व में आयोजित कार्यक्रम में बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधियों, भाजपा कार्यकर्ताओं एवं नगरवासियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

गजरा ग्राउंड में आयोजित कार्यक्रम की शुरुआत शिव मंदिर प्रांगण में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के उत्तम स्वास्थ्य, दीर्घायु एवं निरंतर सफल नेतृत्व की कामना के साथ सामूहिक महामृत्युंजय मंत्र जाप से हुई। मंत्रोच्चार के बीच पूरा वातावरण भक्तिमय हो गया और उपस्थित लोगों ने देश की समृद्धि तथा विकास के लिए प्रार्थना की।

इसके पश्चात प्रधानमंत्री मोदी के सफल 12 वर्षीय कार्यकाल और भारत के विकास की उपलब्धियों का जश्न मनाते हुए भव्य आतिशबाजी की गई। रंग-बिरंगी रोशनी से आसमान सतरंगी नजर आया और भारत माता की जय के नारों से गजरा ग्राउंड गूंज उठा। उपस्थित लोगों ने एक-दूसरे को बधाई देकर अपनी खुशियां साझा कीं।

कार्यक्रम में भाजपा के सैकड़ों पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे। आयोजन के अंत में नगर पालिका अध्यक्ष सोनी विकास झा ने सभी को बूंदी एवं सेव वितरित कर खुशी जाहिर की तथा कार्यक्रम में शामिल होने के लिए आभार व्यक्त किया।

इस अवसर पर सोनी विकास झा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व के 12 वर्ष भारत के नवनिर्माण, सुशासन और जनसेवा के प्रतीक हैं। उन्होंने कहा कि बांकीमोंगरा की जनता ने महामृत्युंजय जाप के माध्यम से प्रधानमंत्री के यशस्वी जीवन और देश के उज्ज्वल भविष्य की कामना की है। यह आयोजन राष्ट्रभक्ति, जनविश्वास और सामाजिक एकजुटता का प्रेरणादायी संदेश देने वाला रहा। :::