धनेश देवांगन बिलासपुर संभाग ब्यूरो चीफ

(कोरबा-बांकीमोंगरा) क्षेत्र के युवाओं और युवतियों को खेल एवं शारीरिक दक्षता के क्षेत्र में आगे बढ़ाने के उद्देश्य से सक्सेस पाथ एकेडमी द्वारा गजरा ग्राउंड में एक दिवसीय सीएएफ (CAF) फिजिकल एवं ओपन एथलेटिक्स खेल प्रतियोगिता का भव्य आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में बांकीमोंगरा सहित कोरबा, सक्ती, चांपा, बिलासपुर और अन्य जिलों से आए सैकड़ों खिलाड़ियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।

प्रतियोगिता का शुभारंभ सुबह 7 बजे 5 किलोमीटर मैराथन दौड़ से हुआ। समाजसेवी विकास झा, संजय आजाद, कृपा राम साहु, संदीप राय, अश्वनी साहु और संतोष साहु ने रुमाल दिखाकर मैराथन को रवाना किया। 13 से 25 वर्ष आयु वर्ग के युवक-युवतियों ने इस दौड़ में बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। इसके बाद गजरा ग्राउंड में लंबी कूद, गोला फेंक, 100 मीटर रिले दौड़ और रस्साकसी जैसी प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। आयोजन को सफल बनाने में फिजिकल ट्रेनर सुमित महतो और सीओ पुलिस अविनाश मल्होत्रा का विशेष योगदान रहा।


कार्यक्रम की मुख्य अतिथि नगर पालिका परिषद बांकीमोंगरा की अध्यक्ष सोनी विकास झा ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि खेल केवल जीत-हार का माध्यम नहीं, बल्कि अनुशासन, परिश्रम और टीम भावना का पाठ पढ़ाता है। उन्होंने युवाओं को खेलों के माध्यम से अपने भविष्य को संवारने और क्षेत्र का नाम रोशन करने के लिए प्रेरित किया।


देर शाम आयोजित पुरस्कार वितरण समारोह में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को मेडल, शील्ड और प्रमाण-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर विकास झा, भाजपा जिला मंत्री सतीश झा, ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष संजय आजाद, कृपा राम साहु, संदीप राय, अश्वनी साहु, पार्षद प्रमोद सोना, प्रकाश झा, नकुल पटेल सहित अनेक जनप्रतिनिधि मौजूद रहे। पुरस्कार प्राप्त कर खिलाड़ियों के चेहरे खुशी से खिल उठे।