धनेश देवांगन बिलासपुर संभाग ब्यूरो चीफ

(कोरबा)जिले के शांति नगर (बांकी मोंगरा) निवासी एक पति ने अपनी पत्नी के उत्पीड़न, मारपीट और झूठे मामलों में फंसाने की धमकियों से तंग आकर पुलिस अधीक्षक (SP) और स्थानीय थाना प्रभारी से सुरक्षा व न्याय की गुहार लगाई है। पीड़ित पति ने एसपी कार्यालय में लिखित आवेदन देकर मामले में निष्पक्ष जांच और उचित कार्रवाई की मांग की है।

शादी के 10 साल बाद बिगड़े हालात

 पीड़ित राजेश कुमार ने अपनी शिकायत में बताया कि लगभग 10 वर्ष पूर्व उनका विवाह सपना कुमारी के साथ हुआ था। दांपत्य जीवन के दौरान उनकी दो बेटियां (उम्र 9 वर्ष एवं 7 वर्ष) हुईं। राजेश का आरोप है कि शादी और बच्चों के जन्म के बाद से ही पत्नी का व्यवहार बदल गया। वह आए दिन उनके और मासूम बच्चियों के साथ अकारण गाली-गलौज और मारपीट करती आ रही है।

अवैध संबंध का विरोध करने पर जेल भिजवाने की धमकी

 शिकायती पत्र के अनुसार, राजेश को जानकारी मिली कि उनकी पत्नी का किसी अन्य व्यक्ति (राजू, निवासी दीपका) के साथ कथित संबंध है। पति का कहना है कि जब उन्होंने इस बात का विरोध किया और रिश्ते को सुधारने का प्रयास किया, तो पत्नी ने उन्हें गंभीर परिणाम भुगतने की चेतावनी दी। आरोप है कि वह स्वयं आत्महत्या करने अथवा पति व ससुराल पक्ष को दहेज प्रताड़ना के झूठे केस में फंसाकर जेल भिजवाने की धमकी देती है।

बच्चों को स्कूल पहुँचाने के बाद बिना बताए रास्ते से हुई गायब

 राजेश कुमार ने थाना प्रभारी को सौंपे पत्र में बताया कि 28 सितंबर 2026 को पत्नी दोनों बच्चों को स्कूल छोड़ने के बाद घर लौटी और फिर कुछ ही देर में बिना किसी को बताए अपना बैग लेकर कहीं चली गई। पति का यह भी आरोप है कि इस पूरे प्रकरण में पत्नी के मायके वाले भी उसी का पक्ष ले रहे हैं और उसे शह दे रहे हैं।

बच्चों के भविष्य को लेकर लगाई न्याय की गुहार पीड़ित पति ने पुलिस प्रशासन से भावुक अपील करते हुए कहा है कि दोनों बच्चियां अभी बहुत छोटी हैं और उनकी देखभाल व भविष्य दांव पर लगा है। उन्होंने पुलिस से आग्रह किया है कि पत्नी को थाने बुलाकर उचित समझाइश दी जाए ताकि उजड़ता परिवार बच सके, साथ ही पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच कर आवश्यक वैधानिक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।