दिब्येन्दु मृधा संपादक डीएम इंडिया न्यूज़

(कोरबा-बालकोनगर) बालकोनगर स्थित श्री अवधूत भगवान राम सेवाश्रम में श्री सर्वेश्वरी समूह का 66वां स्थापना दिवस, महाराज कीनाराम जयंती एवं लोलार्क षष्ठी पर्व श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाया गया। कार्यक्रम की शुरुआत आश्रम परिसर में प्रभात फेरी से हुई। इस दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने सहभागिता की।

समूह के 19 सूत्रीय कार्यक्रम के अंतर्गत युवा सर्वेश्वरी सैनिकों ने नगर के विभिन्न मंदिरों, मस्जिदों, गिरजाघरों एवं अन्य धार्मिक संस्थाओं में स्वच्छता के उद्देश्य से झाड़ू वितरित किए। इसके बाद आश्रम परिसर में ध्वजारोहण किया गया। सफल योनि का पाठ शाखा मंत्री संतोष शांडिल्य ने कराया। कार्यक्रम में विचार गोष्ठी एवं भजन-कीर्तन का भी आयोजन हुआ, जिसमें श्रद्धालुओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

विचार गोष्ठी में संतोष शांडिल्य ने श्री सर्वेश्वरी समूह के 19 सूत्रीय कार्यक्रम के तहत संचालित सामाजिक कुरीतियों के उन्मूलन, मानवता की सेवा तथा जनकल्याण से जुड़ी विभिन्न योजनाओं की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि समूह का उद्देश्य समाज में सकारात्मक बदलाव लाने के साथ मानव सेवा की भावना को मजबूत करना है।

समूह शाखा पदाधिकारी सत्येंद्र दुबे एवं अशोक सिंह ने कहा कि अवधूत भगवान राम के बताए मार्ग पर चलते हुए समाज की भलाई और देश की प्रगति में अपना योगदान सुनिश्चित करना सभी की जिम्मेदारी है। कार्यक्रम में समूह के पदाधिकारी, सदस्य एवं श्रद्धालु उपस्थित रहे।