भोलाशंकर रिपोर्टर कोरबा डीएम इंडिया न्यूज़ 

(कोरबा-बालको) उत्कल भारती सेवा समिति, बालकोनगर के तत्वावधान में भगवान श्री जगन्नाथ जी की पावन रथ यात्रा के अवसर पर 16 जुलाई से 24 जुलाई 2026 तक नौ दिवसीय भगवान श्री जगन्नाथ महा रथ यात्रा उत्सव का भव्य आयोजन किया जाएगा। इस धार्मिक आयोजन को लेकर बालकोनगर में श्रद्धालुओं के बीच उत्साह का माहौल है।

समिति के अनुसार 16 जुलाई को रथ द्वितीया के शुभ अवसर पर भगवान श्री जगन्नाथ, भगवान बलभद्र एवं देवी सुभद्रा की भव्य रथ यात्रा श्रीराम मंदिर, बालको से गाजे-बाजे, भजन-कीर्तन और जयघोष के साथ प्रारंभ होगी। शोभायात्रा नगर के विभिन्न मार्गों से होते हुए श्री गुंडिचा मंदिर, रामलीला मैदान, बालकोनगर पहुंचेगी, जहां भगवान नौ दिनों तक विराजमान रहेंगे।

इस दौरान प्रतिदिन भगवान का दर्शन, पूजन, आरती, भजन-कीर्तन एवं धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। श्रद्धालुओं को पवित्र रथ खींचने का भी अवसर मिलेगा। धार्मिक मान्यता के अनुसार भगवान श्री जगन्नाथ के रथ को खींचने और उनके दर्शन करने से पुण्य की प्राप्ति होती है तथा जीवन में सुख-समृद्धि और मंगल का वास होता है।

उत्सव का समापन 24 जुलाई की शाम भगवान श्री जगन्नाथ जी की बहुदा यात्रा (वापसी रथ यात्रा) के साथ होगा। इस अवसर पर भगवान का रथ पुनः श्री जगन्नाथ मंदिर के लिए प्रस्थान करेगा।


उत्कल भारती सेवा समिति ने क्षेत्र के समस्त श्रद्धालुओं एवं धर्मप्रेमी नागरिकों से सपरिवार उपस्थित होकर इस दिव्य एवं आध्यात्मिक उत्सव में सहभागी बनने तथा भगवान श्री जगन्नाथ का आशीर्वाद प्राप्त करने की अपील की है।