गीता कोरबा ब्लॉक रिपोर्टर

(कोरबा-बालको) बालको क्षेत्र के गायत्री मंदिर सड़क स्थित विष्णु जनरल स्टोर के पास की सड़क लंबे समय से बदहाल स्थिति में है। स्थानीय लोगों के अनुसार इस मार्ग का निर्माण पूर्व में आधा-अधूरा कर छोड़ दिया गया, जिसके कारण बरसात के दिनों में सड़क पर कीचड़ भर जाता है और आवागमन बाधित हो जाता है। यह मार्ग आम नागरिकों के साथ-साथ स्कूली बच्चों और प्लांट में ड्यूटी के लिए आने-जाने वाले कर्मचारियों के लिए भी महत्वपूर्ण है, लेकिन खराब सड़क के कारण लोगों को रोजाना भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

इसके अलावा वार्ड क्रमांक 40 पाड़ीमार स्थित शहीद वीर नारायण स्कूल के पहले गौरी चौहान के घर के पास नाली क्षतिग्रस्त हो गई है। नाली टूटने से जल निकासी प्रभावित हो रही है, जिससे आसपास जलभराव और गंदगी की स्थिति बनी हुई है। स्थानीय नागरिकों का कहना है कि कई बार शिकायत किए जाने के बावजूद नगर निगम और जनप्रतिनिधियों द्वारा इस ओर कोई ठोस पहल नहीं की गई है।

जिला कांग्रेस कमेटी कोरबा शहर के महामंत्री गिरधारी बरेठ ने नगर निगम और संबंधित पार्षद पर क्षेत्र की मूलभूत समस्याओं की अनदेखी करने का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि सड़क और नाली जैसी बुनियादी सुविधाओं की उपेक्षा से आम जनता को अनावश्यक कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने नगर निगम प्रशासन से तत्काल सड़क का शेष निर्माण पूरा कराने तथा क्षतिग्रस्त नाली की मरम्मत कर आवागमन और जल निकासी व्यवस्था को सुचारु बनाने की मांग की है। स्थानीय लोगों ने भी शीघ्र कार्रवाई नहीं होने पर आंदोलन की चेतावनी दी है।