चितरंजन कुमार प्रसाद रिपोर्टर कटघोरा कोरबा

(कटघोरा)सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कटघोरा में ‘टीबी मुक्त भारत’ अभियान के तहत एक दिवसीय विशेष प्रशिक्षण कार्यशाला का आयोजन किया गया। इसमें एमडीपी कॉलेज एवं जी.बी. कॉलेज के एनसीसी कैडेट्स ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर तपेदिक के खिलाफ जनजागरूकता अभियान में सक्रिय भूमिका निभाने का संकल्प लिया।

कार्यशाला में स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों एवं चिकित्सकों ने कैडेट्स को तपेदिक के प्रारंभिक लक्षण, संक्रमण से बचाव, समय पर जांच एवं उपचार सहित टीबी नियंत्रण को लेकर महत्वपूर्ण जानकारी दी। साथ ही केंद्र सरकार की ‘निक्षय मित्र’ योजना के संबंध में भी विस्तार से बताया गया।

प्रशिक्षण के दौरान कैडेट्स को समझाया गया कि वे अपने आसपास के समुदाय में टीबी के संभावित मरीजों की पहचान करने, उन्हें जांच एवं उपचार के लिए प्रेरित करने तथा बीमारी को लेकर समाज में फैली भ्रांतियों और गलत धारणाओं को दूर करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं।

कार्यक्रम में दोनों कॉलेजों के प्राध्यापकों की भी गरिमामयी उपस्थिति रही। उन्होंने एनसीसी कैडेट्स का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि युवा शक्ति सामाजिक जागरूकता के अभियानों को गति देने में महत्वपूर्ण योगदान दे सकती है।

कार्यशाला के समापन पर सभी एनसीसी कैडेट्स ने एकजुट होकर “टीबी हारेगा, देश जीतेगा” का संकल्प लिया। उन्होंने टीबी मुक्त भारत के संदेश को गांव-गांव और घर-घर तक पहुंचाने तथा लोगों को बीमारी के प्रति जागरूक करने का प्रण लिया।