पेड़ पर लटका मिला 33 वर्षीय आरक्षक, पुलिस ने शुरू की जांच

अमर भारद्वाज सह-स्टेट हेड छत्तीसगढ़ डीएम इंडिया न्यूज

(बिलासपुर) सकरी थाना क्षेत्र के भरनी स्थित CRPF कैंप परिसर में रविवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब एक जवान का शव संदिग्ध परिस्थितियों में पेड़ पर लटका मिला। घटना की सूचना मिलते ही सकरी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी।


मृतक जवान की पहचान 33 वर्षीय जयप्रकाश गहिर के रूप में हुई है। वह ओडिशा के बलांगीर जिले का निवासी था और CRPF में आरक्षक के पद पर तैनात था। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, जवान का शव कैंप परिसर में एक पेड़ पर लटका हुआ पाया गया। घटना की जानकारी सामने आते ही कैंप में मौजूद जवानों और कर्मचारियों में हड़कंप मच गया।


पुलिस ने मौके पर पहुंचकर आवश्यक कार्रवाई की तथा घटनास्थल से जुड़े साक्ष्यों को जुटाया। फिलहाल जवान की मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसे लेकर स्थिति स्पष्ट नहीं हो सकी है। पुलिस मामले को गंभीरता से लेते हुए विभिन्न पहलुओं की जांच कर रही है।


घटना की सूचना मृतक जवान के परिजनों को दे दी गई है। पुलिस द्वारा शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजे जाने की कार्रवाई की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा।


फिलहाल सकरी थाना पुलिस मामले में आगे की कार्रवाई कर रही है और घटना से जुड़े सभी तथ्यों की जांच की जा रही है।