मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने आरोपी को पकड़ा, 80 हजार रुपए कीमत की बाइक बरामद

राकेश कुमार राठौर जिला ब्यूरो चीफ सक्ती

(सक्ती-बाराद्वार) मोटरसाइकिल चोरी के मामले में बाराद्वार पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर चोरी की मोटरसाइकिल बरामद की है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई करते हुए उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।

पुलिस के अनुसार पुलिस अधीक्षक प्रफुल्ल कुमार ठाकुर (भापुसे) के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पंकज पटेल एवं अनुविभागीय अधिकारी पुलिस भुवनेश्वरी पैकरा के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी निरीक्षक नरेंद्र यादव के नेतृत्व में चोरी के मामलों में आरोपियों की धरपकड़ के लिए लगातार कार्रवाई की जा रही है।

मामले में प्रार्थी महेंद्र कुमार सूर्यवंशी, निवासी ग्राम हनुमंता वार्ड क्रमांक 14, तहसील सारागांव, जिला जांजगीर-चांपा ने 23 सितंबर 2026 को थाना बाराद्वार में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। उसने बताया कि उसकी काला-हरा रंग की मोटरसाइकिल क्रमांक सीजी 11 बीआर 9223 घर के आंगन में खड़ी थी, जिसे अज्ञात व्यक्ति चोरी कर ले गया। रिपोर्ट पर पुलिस ने अपराध क्रमांक 357/2026, धारा 303(2) बीएनएस के तहत अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू की।

विवेचना के दौरान पुलिस टीम ने घटनास्थल एवं आसपास के क्षेत्रों से उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आरोपी की पतासाजी की। मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर संदेही अजय कुमार बरेठ (26) निवासी हनुमंता को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। पूछताछ में आरोपी ने मोटरसाइकिल चोरी करना स्वीकार किया। उसकी निशानदेही पर पुलिस ने करीब 80 हजार रुपए कीमत की मोटरसाइकिल बरामद की।

आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया। कार्रवाई में निरीक्षक नरेंद्र यादव, सउनि मथुरा प्रसाद मन्नेवार, प्रधान आरक्षक मनीष राजपूत, आरक्षक योगेश राठौर एवं राकेश राठौर की महत्वपूर्ण भूमिका रही।