कृष्णा पाण्डेय जिला ब्यूरो चीफ जीपीएम

(गौरेला-पेंड्रा-मरवाही) जिला मुख्यालय पेण्ड्रा के फिजिकल कॉलेज खेल मैदान में आयोजित डिपार्टमेंटल प्रीमियर लीग (डीपीएल) क्रिकेट टूर्नामेंट सीजन-3 का रोमांचक फाइनल मुकाबला 24 नवंबर को खेला गया। फाइनल में एसडीएम विक्रांत अंचल की टीम मैकल माउंटेन ने डिप्टी कलेक्टर देवेंद्र सिरमौर की टीम नवागांव फाइटर को हराकर खिताब अपने नाम किया। विजेता टीम को ट्रॉफी के साथ 61 हजार रुपये नगद पुरस्कार प्रदान किया गया।


फाइनल मुकाबले में पहले बल्लेबाजी करते हुए नवागांव फाइटर ने 117 रन बनाए। लक्ष्य का पीछा करने उतरी मैकल माउंटेन ने शानदार प्रदर्शन करते हुए अंतिम ओवर में 118 रन बनाकर 8 विकेट से जीत दर्ज की। खास बात यह रही कि पिछले वर्ष डीपीएल सीजन-2 में भी एसडीएम विक्रांत अंचल की टीम ने 117 रन बनाकर फाइनल जीता था। इस बार भी उनकी टीम ने 117 रन का लक्ष्य हासिल कर ट्रॉफी पर कब्जा जमाया।


समापन समारोह में मुख्य अतिथि कलेक्टर विजय दयाराम के., विशिष्ट अतिथि पुलिस अधीक्षक मनोज खिलारी एवं डीएफओ कुमार निशांत उपस्थित रहे। कलेक्टर ने आयोजन की सराहना करते हुए कहा कि जिले के सभी खिलाड़ियों ने अच्छा प्रदर्शन किया। शासकीय अधिकारी-कर्मचारी इस आयोजन में सहभागी बने। तीन दिनों तक सभी ने खेल का आनंद उठाया और दर्शकों का भी अच्छा समर्थन मिला। इस तरह के आयोजन से तनाव कम होता है और आपसी मेलजोल बढ़ता है।


पुरस्कार वितरण में मैन ऑफ द मैच एवं मैन ऑफ द टूर्नामेंट का खिताब ज्ञान सरठिया को मिला। बेस्ट बैट्समैन राजेंद्र वासुदेव, बेस्ट बॉलर दुर्योधन तथा बेस्ट फील्डर का पुरस्कार लवकेश जाता को प्रदान किया गया। उपविजेता नवागांव फाइटर को 41 हजार रुपये तथा तृतीय स्थान प्राप्त गुरुकुल वारियर्स को 21 हजार रुपये नगद पुरस्कार दिया गया।


विजेता टीम को पुरस्कार समाजसेवी पवन सुल्तानिया ने प्रदान किया। उपविजेता टीम को नगर पालिका अध्यक्ष राकेश जालान एवं समाजसेवी अजय जायसवाल ने तथा तृतीय पुरस्कार नगर पालिका उपाध्यक्ष शरद गुप्ता ने दिया। आयोजन में प्रशांत कुशवाहा का प्रमुख सहयोग रहा।


प्रतियोगिता में जिले के विभिन्न विभागों की आठ टीमों ने हिस्सा लिया। आयोजन शिक्षक मैत्री समूह के सदस्यों नागेंद्र सिंह, रितेश सिंह, अंबुज मिश्रा, जितेंद्र जायसवाल, विनोद तिग्गा, संजय कैवर्त और संजय टांडिया ने संपन्न कराया। समारोह में जिला पंचायत सीईओ मुकेश रावटे, एएसपी अविनाश मिश्रा, एसडीएम विक्रांत अंचल सहित अनेक अधिकारी, कर्मचारी एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।