एक ही कंपनी में लगातार दुर्घटनाओं की चर्चा, भारी वाहनों के संचालन और श्रमिकों की सुरक्षा पर उठे सवाल

अमर भारद्वाज सह-स्टेट हेड छत्तीसगढ़ डीएम इंडिया न्यूज़

(कोरबा)एसईसीएल के कुसमुंडा क्षेत्र में नियोजित केएनआरसीएल कंपनी में भारी वाहनों की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं। डंपिंग के दौरान कंपनी का एक भारी डंपर पलटकर नीचे जा गिरा। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, इस हादसे में डंपर ऑपरेटर को गंभीर चोटें आई हैं। घायल ऑपरेटर को उपचार के लिए नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।


इस घटना के बाद खदान में भारी वाहनों के संचालन, कार्यस्थल पर सुरक्षा मानकों के पालन और कर्मचारियों की जान की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है। कोयला उत्पादन के लिए दिन-रात चलने वाली खदानों में भारी मशीनों और वाहनों के बीच काम करने वाले श्रमिकों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए। ऐसे में डंपर पलटने की घटना ने सुरक्षा इंतजामों की प्रभावशीलता पर सवाल खड़े कर दिए हैं।


बताया जा रहा है कि पिछले रविवार को भी इसी कंपनी में एक डंपर मोटरसाइकिल के ऊपर चढ़ गया था। हालांकि, उस घटना में बड़ा हादसा टल गया था। अब दोबारा दुर्घटना की खबर सामने आने से भारी वाहनों के संचालन और यातायात प्रबंधन को लेकर सवाल उठ रहे हैं।


वहीं, आसपास के क्षेत्र के बेरोजगार युवाओं को रोजगार नहीं मिलने की शिकायतें भी सामने आ रही हैं। स्थानीय लोगों के बीच कंपनी की कार्यप्रणाली को लेकर नाराजगी की बात कही जा रही है।


अब सवाल यह है कि लगातार सामने आ रही दुर्घटनाओं के बाद सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा कब होगी? श्रमिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने और स्थानीय रोजगार संबंधी शिकायतों की जांच के लिए संबंधित प्रबंधन एवं जिम्मेदार अधिकारियों से ठोस कदम उठाने की अपेक्षा की जा रही है।