दिब्येन्दु मृधा संपादक डीएम इंडिया न्यूज़

(कोरबा) छत्तीसगढ़ सर्व विभागीय संविदा कर्मचारी महासंघ के तत्वावधान में जिला इकाई कोरबा द्वारा शनिवार को संविदा कर्मचारियों की विभिन्न लंबित मांगों को लेकर मंत्री लखन लाल देवांगन, महापौर संजू देवी राजपूत तथा भाजपा जिला अध्यक्ष गोपाल मोदी को ज्ञापन सौंपा गया।

ज्ञापन में संविदा कर्मचारियों के नियमितीकरण, जॉब सुरक्षा सुनिश्चित करने तथा वेतन वृद्धि जैसी प्रमुख मांगों को गंभीरता से उठाया गया। महासंघ ने जनप्रतिनिधियों से आग्रह किया कि वे इस संबंध में मुख्यमंत्री, सामान्य प्रशासन विभाग एवं वित्त विभाग को पत्र प्रेषित कर संविदा कर्मचारियों की मांगों पर शीघ्र सकारात्मक निर्णय कराने में पहल करें।

ज्ञापन प्राप्त करने के बाद मंत्री, महापौर एवं भाजपा जिलाध्यक्ष ने प्रतिनिधिमंडल को आश्वस्त किया कि वे शीघ्र ही संबंधित विभागों एवं मुख्यमंत्री के नाम पत्र भेजेंगे तथा उसकी प्रति भी महासंघ को उपलब्ध कराई जाएगी।

इस अवसर पर जिला इकाई कोरबा की ओर से मित्रेश शर्मा, मुकेश क्षत्रिय, संजय चौहान, विजय साहू एवं सत्येंद्र राठौर ने सक्रिय सहभागिता निभाई। महासंघ के पदाधिकारियों ने उम्मीद जताई कि सरकार संविदा कर्मचारियों की वर्षों पुरानी मांगों पर गंभीरता से विचार कर शीघ्र सकारात्मक निर्णय लेगी, जिससे हजारों संविदा कर्मचारियों को स्थायी रोजगार सुरक्षा एवं सम्मानजनक वेतन का लाभ मिल सके।