अमर भारद्वाज सह-स्टेट हेड छत्तीसगढ़ डीएम इंडिया न्यूज़

(कोरबा)केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (सीआईएसएफ) इकाई, गेवरा के बल सदस्यों ने अपनी सतर्कता एवं मुस्तैदी का परिचय देते हुए गेवरा खदान क्षेत्र में डीजल चोरी के एक प्रयास को विफल कर दिया तथा दो संदिग्ध व्यक्तियों को रंगे हाथ गिरफ्तार कर स्थानीय पुलिस के सुपुर्द किया।

दिनांक 28 जून 2026 की रात्रि लगभग 22:30 बजे, क्यूआरटी (Quick Reaction Team) ड्यूटी में तैनात सीआईएसएफ बल सदस्य नियमित गश्त पर थे। गश्त के दौरान गेवरा खदान के गणेश डंपिंग क्षेत्र में खड़े डोजर संख्या 911 के समीप कुछ संदिग्ध व्यक्ति दिखाई दिए। क्यूआरटी टीम को अपनी ओर आता देख अन्य संदिग्ध व्यक्ति वाहन सहित मौके से फरार होने में सफल हो गए।


क्यूआरटी टीम द्वारा त्वरित कार्रवाई करते हुए डोजर के पास से दो संदिग्ध व्यक्तियों को रंगे हाथ पकड़ा गया। पकड़े गए व्यक्तियों की पहचान कमल सिंह कंवर (उम्र 24 वर्ष), निवासी – पिंजरी झाबर तथा ओम प्रकाश (उम्र 30 वर्ष), निवासी – चेतमा, पाली रोड के रूप में हुई है।


तलाशी के दौरान उनके पास से डीजल निकालने हेतु प्रयुक्त एक पाइप तथा लगभग 60 लीटर डीजल बरामद किया गया। प्रारंभिक जांच में डीजल चोरी के प्रयास की पुष्टि होने पर दोनों आरोपियों को अग्रिम कानूनी कार्रवाई हेतु दीपका पुलिस थाना के सुपुर्द कर दिया गया है।


सीआईएसएफ द्वारा औद्योगिक प्रतिष्ठानों एवं राष्ट्रीय संपत्तियों की सुरक्षा हेतु लगातार सतर्क निगरानी एवं प्रभावी सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित की जा रही है, जिसके परिणामस्वरूप इस प्रकार की अवैध गतिविधियों पर प्रभावी अंकुश लगाया जा रहा है।