सदानंद कुमार प्रउहा सह-संपादक डीएम इंडिया न्यूज़

(कोरबा) विकासखंड पोड़ी उपरोड़ा अंतर्गत ग्राम पंचायत तनेरा में जुलाई और अगस्त माह के दौरान हुई भारी बारिश से ग्रामीणों को काफी नुकसान उठाना पड़ा है। लगातार बारिश के चलते तनेरा पंचायत सहित आसपास के ग्राम सरमा, सुखरीताल, पनगवा, हरदेवा और जलके में कई मकानों एवं फसलों के क्षतिग्रस्त होने की जानकारी सामने आई है। ग्रामीणों का कहना है कि दो माह के भीतर दर्जनों घर बारिश की वजह से टूट गए हैं, जिससे प्रभावित परिवारों के सामने मुश्किलें बढ़ गई हैं।


ग्रामीणों के अनुसार बारिश से हुए नुकसान की सूचना पूर्व में संबंधित पटवारी को दी गई थी, लेकिन समय पर मौका निरीक्षण नहीं होने से क्षति का आकलन नहीं हो सका। इसके बाद 24 अगस्त 2026 को ग्रामीणों ने ग्राम पंचायत तनेरा में हुई बारिश से फसल एवं मकानों को हुए नुकसान का अवलोकन कराने तथा नियमानुसार उचित मुआवजा दिलाने की मांग को लेकर नायब तहसीलदार पसान को ज्ञापन सौंपा।


ग्रामीणों की शिकायत को गंभीरता से लेते हुए नायब तहसीलदार धनेश्वर चंद्रा ने तत्काल कार्रवाई करते हुए प्रभावित ग्राम पंचायत तनेरा के पटवारी को मौके पर पहुंचकर क्षति का निरीक्षण एवं जांच करने के निर्देश दिए। प्रशासन की त्वरित कार्रवाई से ग्रामीणों ने राहत की सांस ली है। ग्रामीणों को उम्मीद है कि मौका जांच के बाद वास्तविक क्षति का आकलन कर पात्र प्रभावित परिवारों को शासन के नियमानुसार राहत एवं मुआवजा प्रदान किया जाएगा।


इस दौरान ग्राम पंचायत तनेरा की सरपंच प्रमिला मरपच्ची के नेतृत्व में सरपंच प्रतिनिधि श्रवण मरपच्ची, रविप्रकाश, रोहित कुमार, चंद्राभान सिंह, राजेंद्र कुमार, सनिज कुमार, मनमोहन सिंह, जगेलाल लकड़ा, राजू प्रजापति, बचत कुमार, राम खिलावन, महासिंह, सुखलाल सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।


ग्रामीणों ने प्रशासन से शीघ्र मौका निरीक्षण कर क्षतिग्रस्त मकानों और फसलों का निष्पक्ष आकलन कराने तथा प्रभावित परिवारों को उचित राहत उपलब्ध कराने की मांग की है।