चंद्र कुमार निणे॔जक जिला ब्यूरो चीफ बिलासपुर 

(बिलासपुर) प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि (पीएम-किसान) योजना के अंतर्गत आज 23वीं किस्त जारी की गई। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पश्चिम बंगाल के हुगली जिले के तारकेश्वर से आयोजित कार्यक्रम में बटन दबाकर देशभर के पात्र किसानों के खातों में डीबीटी के माध्यम से राशि हस्तांतरित की। इसके साथ ही बिलासपुर जिले के 99 हजार 906 किसान परिवारों के खातों में लगभग 19 करोड़ 98 लाख रुपये की राशि पहुंची।

    प्रधानमंत्री के संबोधन के लाइव प्रसारण की व्यवस्था कृषि विज्ञान केंद्र, सरकंडा में की गई थी, जहां बड़ी संख्या में किसान उपस्थित रहे। प्रधानमंत्री द्वारा किस्त जारी करते ही किसानों के चेहरों पर खुशी छा गई। किसानों ने समय पर आर्थिक सहायता मिलने पर प्रसन्नता व्यक्त की और इसे खरीफ फसल की तैयारी में उपयोगी बताया।

    जिला स्तरीय कार्यक्रम के मुख्य अतिथि जिला पंचायत अध्यक्ष राजेश सूर्यवंशी ने किसानों को बधाई देते हुए कहा कि खेती के महत्वपूर्ण समय पर सम्मान निधि की राशि मिलने से किसानों को बीज, उर्वरक एवं अन्य कृषि आदानों की व्यवस्था में सहायता मिलेगी। उन्होंने किसानों से रासायनिक खाद के स्थान पर जैविक खाद के अधिकाधिक उपयोग का आग्रह करते हुए कहा कि जैविक खेती से भूमि की उर्वरा शक्ति बनी रहती है तथा स्वस्थ और स्वादिष्ट खाद्यान्न का उत्पादन होता है, जिससे लोगों का स्वास्थ्य भी बेहतर रहता है।

   कार्यक्रम में जिला पंचायत कृषि स्थायी समिति अध्यक्ष के प्रतिनिधि जोगेंद्र कश्यप, उप संचालक कृषि पी.डी. हाथेश्वर, केवीके के वरिष्ठ कृषि वैज्ञानिक डॉ. गीत शर्मा, कृषि महाविद्यालय के डीन आरकेएस तोमर सहित कृषि विभाग के अधिकारी-कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में किसान उपस्थित थे। किसानों को योजना की जानकारी देने के साथ ही ई-केवाईसी, एग्रीस्टैक फार्मर्स आईडी, आधार सत्यापन एवं बैंक खाते की जानकारी अद्यतन रखने के संबंध में भी जानकारी प्रदान की गई। विकासखंड स्तर पर भी कार्यक्रम आयोजित कर प्रधानमंत्री जी के लाइव प्रसारण को सुना गया।