कृष्णा पाण्डेय जिला ब्यूरो चीफ जीपीएम

(गौरेला-पेंड्रा-मरवाही) ग्राम पंचायत सेमरदर्री के अंतर्गत बीजडांड गांव में बुधवार शाम अचानक हुई तेज बारिश के दौरान आकाशीय बिजली गिरने से एक लघु किसान के 15 पालतू पशुओं की एक साथ मौत हो गई। घटना शाम करीब 5 बजे की बताई जा रही है। इस हादसे में पशुओं को चराने वाला चरवाहा करीब 200 मीटर दूर होने के कारण बाल-बाल बच गया।


जानकारी के अनुसार बीजडांड, तहसील मरवाही, जिला गौरेला-पेंड्रा-मरवाही निवासी मोहरसिंह आयम पिता लाल सिंह, जाति गोंड, लघु किसान हैं। उनके पालतू पशु बारिश के दौरान खुले क्षेत्र में थे। इसी दौरान अचानक मौसम बदला और तेज बारिश के साथ आकाशीय बिजली गिरी। बिजली की चपेट में आने से 7 गाय, 7 बकरी और 1 बकरा, कुल 15 पशुओं की मौके पर ही मौत हो गई।


बताया गया कि पशुओं को चराने के लिए गए लाल सिंह घटना स्थल से करीब 200 मीटर की दूरी पर थे। आकाशीय बिजली गिरने के समय वे पशुओं के पास नहीं थे, जिससे उनकी जान बच गई।


घटना के बाद गांव में शोक का माहौल है। किसान मोहरसिंह आयम के लिए यह घटना बड़ा आर्थिक नुकसान मानी जा रही है, क्योंकि मृत पशु उनकी आजीविका का महत्वपूर्ण साधन थे। ग्रामीणों ने प्रशासन से पीड़ित किसान को नियमानुसार आर्थिक सहायता और पशुधन क्षति का मुआवजा दिलाने की मांग की है।