देवेन्द्र कुमार खूंटे रिपोर्टर रामपुर कोरबा

(कोरबा)ग्राम भुलसीडीह के पारा पखनापारा में स्थित सामुदायिक भवन इन दिनों बदहाली का शिकार है। भवन का चबूतरा पूरी तरह जर्जर हो चुका है, वहीं छत की सीट भी कई जगह से टूट गई है। चारों तरफ से भवन की स्थिति खराब होने के कारण ग्रामीणों को सामाजिक एवं सार्वजनिक कार्यक्रम आयोजित करने में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

ग्रामीणों का कहना है कि सामुदायिक भवन की मरम्मत कराने के लिए पिछले करीब एक माह से ग्राम पंचायत सचिव ममता सोनी एवं सरपंच इंजर सिंह से लगातार मांग की जा रही है। ग्रामीणों के अनुसार जिम्मेदारों द्वारा हर बार जल्द मरम्मत कराने का आश्वासन दिया जाता है। कभी "कल बनाएंगे" तो कभी "परसों बनाएंगे" कहकर ग्रामीणों को टाल दिया जाता है, लेकिन अब तक मौके पर कोई ठोस काम शुरू नहीं हुआ है।

ग्रामीणों ने बताया कि भवन की खराब स्थिति के चलते पिछले 4 से 5 वर्षों से यहां कोई सामाजिक कार्यक्रम तक आयोजित नहीं हो पाया है। यहां तक कि गणेश उत्सव जैसे सामुदायिक आयोजन भी नहीं हो रहे हैं। ग्रामीणों का कहना है कि यदि समय रहते भवन की मरम्मत नहीं कराई गई तो इसकी स्थिति और खराब हो सकती है।

ग्रामीणों ने पंचायत प्रशासन से मांग की है कि सामुदायिक भवन के जर्जर चबूतरे, टूटी छत की सीट एवं अन्य क्षतिग्रस्त हिस्सों की तत्काल मरम्मत कराई जाए, ताकि इसका उपयोग सामाजिक और सार्वजनिक कार्यक्रमों के लिए दोबारा किया जा सके।